राजनांदगांव | डोंगरगढ़ में घर के सामने शराब पीने से मना करना दंपती को भारी पड़ गया। शराब पी रहे युवकों ने दोनों से जमकर मारपीट की और चाकू से भी वार कर दिया। घायल दंपती को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल किया गया है।
घटना रविवार रात करीब 10.30 बजे की है। पुलिस से मिली जानकारी मुताबिक इंदिरा नगर वार्ड में रहने वाले मुकेश कामड़े और उनकी पत्नी मंगला बाई घर के सामने शोर सुनकर बाहर निकले। वहां पड़ोस में ही रहने वाले विशाल कामड़े और अंशु डोंगरे शराब पीते हुए हल्ला मचा रहे थे। दंपति ने उन्हें घर के सामने शराब नहीं पीने की बात कही। इस पर दोनों आक्रोशित हो गए। उन्होंने दंपति पर पहले डंडे से जमकर मारपीट की। इसी बीच अपने पास रखे धारदार चाकू से भी जानलेवा वार कर दिया। वारदात को अंजाम देकर दोनों आरोपी भाग निकले। इधर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। डोंगरगढ़ में चाकूबाजी की घटना बीते कुछ समय में बढ़ी है। यहां मामूली विवाद में ही चाकू चल रहा है। जिससे आम लोगों में असुरक्षा की स्थिति हैं। इसके पहले भी बस स्टैंड, कश्मीरी पारा, बुधवारी पारा जैसे हिस्से में चाकूबाजी की घटना हुई है।

