राजनांदगांव lकिसी की जिंदगी खत्म होने के बाद उसकी आंखें दो जरूरतमंद लोगों की दुनिया रोशन कर सकती हैं। इसी संदेश के साथ डोंगरगढ़ ब्लॉक में नेत्रदान पखवाड़े की शुरुआत की गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में कार्यक्रम आयोजित करने के साथ ग्राम पंचायत मोहनपुर स्थित पीएचसी चारभांठा क्लस्टर में ग्रामीणों को नेत्रदान के महत्व की जानकारी दी। मोहनपुर में 25 लोगों ने नेत्रदान का संकल्प पत्र भरा। ग्रामीणों में भ्रांतियां दूर कर नेत्रदान करने प्रेरित किया गया।
सीएचसी डोंगरगढ़ के कार्यक्रम में बीएमओ डॉ. सुचिता श्रीवास्तव, बीपीएम मुक्ता कुजूर, नेत्र चिकित्सा अधिकारी वंदना चंदनिया, बीईटीओ ज्योति सहित चिकित्सक, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी पीएचसी में इस पखवाड़े का शुभारंभ किया गया है। वंदना चंदनिया ने संचालन किया। उन्होंने नेत्रदान के महत्व को समझाते कहा मरणोंपरांत नेत्रदान से किसी के अंधकारमय जीवन में दृष्टि का उजाला ला सकता है। मोहनपुर के पीएचसी के कार्यक्रम में सरपंच सुखराम नेताम, नेत्र चिकित्सा अधिकारी संजय निखाड़े, सौरभ यादव, वंदना चंदनिया, अंजुमा वर्मा, मुरारी राम कोमा, राकेश सिन्हा, शारदा उइके मौजूद रही। संजय निखाड़े ने नेत्रदान का महत्व समझाया।

