Site icon

राजनांदगांव : रोड पर सामान नहीं रखने की जिम्मेदारी व्यापारियों ने ली …

राजनांदगांव : रोड पर सामान नहीं रखने की जिम्मेदारी व्यापारियों ने ली …

राजनांदगांव : रोड पर सामान नहीं रखने की जिम्मेदारी व्यापारियों ने ली …

राजनांदगांव l शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए व्यापारियों ने अब खुद जिम्मेदारी उठाने की पहल की है। चेंबर ऑफ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष कमलेश बैद के नेतृत्व में गुरुवार को करीब 50-60 व्यापारियों की बैठक हुई। इसमें वन-वे व्यवस्था, पार्किंग, लोडिंग-अनलोडिंग और दुकानों का सामान सड़क पर नहीं रखने सहित कई मुद्दों पर सहमति बनी।

आगामी त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए व्यापारियों और शासन-प्रशासन के बीच समन्वय से व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया गया।

बैठक में तय किया गया कि गुरुद्वारा चौक से वन-वे व्यवस्था शुरू करने तथा महावीर चौक और भगत सिंह चौक की ओर से आवागमन को व्यवस्थित करने की दिशा में काम किया जाएगा। व्यापारियों ने यह भी सहमति दी कि वे दुकानों का सामान सड़क अथवा सार्वजनिक स्थान पर बाहर नहीं रखेंगे। इसके बावजूद सामान बाहर पाए जाने पर नगर निगम नियमानुसार कार्रवाई कर सकेगा।

चेंबर महामंत्री अरुण डुलानी ने बताया कि बैठक में व्यापारियों ने अपनी समस्याओं के साथ शहर की बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए अनुशासन और सहयोग की जिम्मेदारी लेने पर सहमति जताई। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई। चेंबर ने कहा कि व्यापारियों की सुविधा और शहर की बेहतर यातायात व्यवस्था एक-दूसरे से जुड़ी हैं। कहा गया कि त्योहारी सीजन से पहले इन व्यवस्थाओं पर काम शुरू करना जरूरी है, ताकि बाजार भी सुचारु रहें और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।

तीन पार्किंग की योजना व्यवस्थित पार्किंग के लिए पुत्रीशाला स्कूल, गंज चौक क्षेत्र और महावीर चौक में स्थान चिह्नित करने पर सहमति बनी। वहीं गन चौक क्षेत्र में लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था को लेकर भी व्यापारियों ने सुझाव दिए। छोटे पसरा व्यापारियों के लिए फ्लावर के नीचे निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने पर सकारात्मक चर्चा हुई। बैठक में व्यापारियों की ओर से 5-6 सदस्यों की समिति गठित की गई है। यह समिति आगे शासन-प्रशासन के साथ चर्चा कर तय व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप देने की दिशा में काम करेगी। चेंबर अध्यक्ष कमलेश बैद ने व्यापारियों के सुझाव सुने।

Exit mobile version