Site icon

’सेवा संकल्प अभियान में सहभागी बनें, सेवा और जनभागीदारी से विकसित कोरिया के संकल्प को साकार करें – कलेक्टर रोक्तिमा यादव’

final logo copy

’17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होंगे सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम’

कोरिया , कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल शासकीय कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और जनकल्याण की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का सामूहिक प्रयास है।

कलेक्टर ने बताया कि अभियान के दौरान गांव, वार्ड, विकासखंड एवं जिला स्तर पर विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ अभियान का शुभारंभ होगा। उन्होंने जिलेवासियों से आग्रह किया कि इस अवसर पर अपने घर, प्रतिष्ठान या संस्था में आशीर्वाद एवं शुभकामना के प्रतीक के रूप में एक दीया प्रज्ज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराएं।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत विभिन्न दिवसों में ‘सेवा सेतु’, स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, ‘आंगन उत्सव’, जनजागरूकता कार्यक्रम, सांस्कृतिक गतिविधियां, नुक्कड़ नाटक, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ एवं बाइक रैली सहित अनेक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

’हर वर्ग की सहभागिता से अभियान बनेगा जनआंदोलन’
कलेक्टर यादव ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, रंगकर्मियों, साहित्यकारों, किसानों, व्यापारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं जिले के सभी प्रबुद्ध नागरिकों से इन कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों की भागीदारी से सेवा संकल्प अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद की सहायता करना, पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना तथा समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमारा छोटा-सा प्रयास किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है।

’योजनाओं से बदली जिंदगी की कहानियां सामने लाने पर पहल’
कलेक्टर ने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से अनेक परिवारों के जीवन में उम्मीद और खुशहाली की नई रोशनी आई है। किसी किसान को सिंचाई की सुविधा मिली, किसी परिवार को पक्का आवास मिला, किसी महिला को आर्थिक संबल मिला, किसी युवा को रोजगार एवं स्वरोजगार का अवसर मिला, तो किसी जरूरतमंद को स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा का सहारा मिला है।

‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से ऐसे सकारात्मक बदलाव और सफलता की कहानियों को समाज के सामने लाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि योजनाओं का लाभ प्राप्त कर चुके हितग्राहियों की प्रेरक कहानियां अन्य पात्र नागरिकों तक पहुंचे और वे भी शासन की योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकें।

’विकसित कोरिया से विकसित भारत की ओर’
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने कहा कि सेवा, सहयोग और जनभागीदारी को एक साथ जोड़कर कोरिया जिले को विकास, संवेदना और सहभागिता की नई पहचान दी जा सकती है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़ें, सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाएं और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

उन्होंने कहा कि आपकी सक्रिय सहभागिता ही इस अभियान की सबसे बड़ी शक्ति है। आइए, सेवा संकल्प अभियान से जुड़ें और शासन की योजनाओं से जीवन में आए सुखद बदलाव की नई कहानियां मिलकर लिखें।

Exit mobile version