राजनांदगांव , तीज के पारंपरिक उल्लास के साथ इस बार साहू सदन में प्रतिभा, संस्कार, स्वास्थ्य और सामाजिक सहभागिता का संगम देखने को मिलेगा। जिला साहू सदन, बसंतपुर में 20 सितंबर को हरितालिका तीज महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक होने वाले आयोजन में महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक स्पर्धाएं, कक्षा 10वीं एवं 12वीं के प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान, परिवार संस्कार कार्यशाला, नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श और रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। विजेताओं को नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
आयोजन महिला प्रकोष्ठ, अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ, चिकित्सा प्रकोष्ठ, नगर साहू संघ, तहसील साहू संघ एवं जिला साहू संघ के संयुक्त तत्वावधान में होगा। मुख्य अतिथि समाजसेवी वीणा सिंह, रायपुर रहेंगी। प्रमुख अतिथि प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरेन्द्र साहू होंगे। अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू एवं जिला साहू संघ के अध्यक्ष नोबल साहू करेंगे।
महिलाओं के लिए होंगी कई स्पर्धाएं, पुरस्कार भी तीज महोत्सव में महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़, रस्सा खींच, मटका फोड़, रंगोली और मेहंदी सहित कई मनोरंजक स्पर्धाएं होंगी। प्रत्येक स्पर्धा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इससे पारंपरिक तीज उत्सव को मनोरंजन और सामूहिक सहभागिता से जोड़ा जाएगा। समारोह में कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

