राजनांदगांव। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) जरूरतमंद परिवारों के लिए पक्के और सुरक्षित आवास का सपना साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम अमलीडीह निवासी 58 वर्षीय फागूराम साहू भी इस योजना से लाभान्वित होकर आज अपने परिवार के साथ सुरक्षित और पक्के मकान में खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे हैं। फागूराम साहू बताते हैं कि पहले वे अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ कच्चे एवं जर्जर मकान में रहते थे। मजदूरी और थोड़ी-बहुत खेती से परिवार का भरण-पोषण होता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं था। बरसात के दिनों में कच्ची दीवारों और छत से पानी घर के भीतर आ जाता था, जिससे परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। घर में कोई अन्य कमाऊ सदस्य नहीं होने के कारण पक्का मकान बनवाने की उम्मीद भी उन्होंने छोड़ दी थी। इसी दौरान ग्राम पंचायत के सचिव ने उनके घर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज लिए और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनका ऑनलाइन पंजीयन कराया। आवास स्वीकृत होने के बाद उनके बैंक खाते में पहली किस्त के रूप में 25 हजार रूपए की राशि प्राप्त हुई। राशि मिलने पर उन्होंने अपने पक्के मकान का निर्माण शुरू कराया। योजना के तहत तीन किस्तों में कुल 1 लाख 20 हजार रूपए की आवास सहायता प्राप्त हुई। साथ ही, मनरेगा के तहत मजदूरी की राशि भी मिली, जिससे उन्हें घर निर्माण के साथ रोजगार का सहारा भी मिला।
फागूराम साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के गौरवपूर्ण सेवा सफर के लिए शुभकामनाएं एवं धन्यवाद प्रेषित करते हुए कहा कि आज वे अपने परिवार के साथ पक्के और सुरक्षित आवास में सुखपूर्वक जीवन व्यतीत कर रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्राप्त गैस कनेक्शन का उपयोग वे अपने नए घर में निर्मित रसोई में कर रहे हैं। वे कहते हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके जीवन में केवल पक्की छत ही नहीं दी, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का भरोसा भी दिया है। फागूराम साहू प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि सरकार ने हम जैसे गरीब परिवारों की चिंता की और पक्का घर बनाने के लिए आर्थिक सहायता दी। इससे हमारे जीवन में नई रोशनी आई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु भैया को हृदय से धन्यवाद दिया है।

