– हेमा साहू पौष्टिक आहार देकर बेटे के स्वास्थ्य में ला रही सुधार
राजनांदगांव । छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता ने हेमा साहू की अपने दो वर्षीय बेटे तन्मय के बेहतर पोषण और स्वास्थ्य को लेकर चिंता को कम किया है। छुरिया विकासखंड के ग्राम बागद्वार की हेमा साहू के लिए महतारी वंदन योजना आर्थिक सहायता के साथ अपने परिवार के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण का सहारा बनी है। योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली राशि का उपयोग वह अपने दो वर्षीय बेटे तन्मय के पोषण और स्वास्थ्य पर कर रही हैं। हेमा साहू ने बताया कि जन्म के समय तन्मय का वजन 2 किलोग्राम था। बेटे के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को ध्यान में रखते हुए वह महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि से गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक खाद्य सामग्री खरीद रही हैं। घर में उपयोग होने वाले सामान्य खाद्य पदार्थों के साथ अब तन्मय के भोजन में पोषणयुक्त खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि बेटे तन्मय को दोनों समय के भोजन में मिश्रित दाल सहित पौष्टिक आहार दिया जा रहा है। इसका सकारात्मक असर उसके स्वास्थ्य पर दिखाई दे रहा है। वर्तमान में तन्मय का वजन 8 किलो 700 ग्राम हो गया है। पहले की तुलना में बेटे तन्मय के वजन और स्वास्थ्य में काफी सुधार हुआ है। हेमा साहू ने कहा कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि उनके लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है। इस राशि का उपयोग वह अपने बेटे के अच्छे पोषण के लिए कर पा रही हैं। उन्होंने योजना का लाभ मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु भैया के प्रति आभार व्यक्त किया।

