दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में फर्जी दस्तावेजों के जरिए निवास और आय प्रमाण पत्र हासिल कर CISF में भर्ती होने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने दंतेवाड़ा जिले का निवासी बताकर फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कराए और इन्हीं दस्तावेजों का उपयोग केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की भर्ती प्रक्रिया में किया। दंतेवाड़ा पुलिस ने आरोपी को राजस्थान के देवली से गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस पूरे फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
राजस्थान से पकड़ा गया आरोपी पुलिस के अनुसार, सिटी कोतवाली पुलिस ने पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूंटे के मार्गदर्शन में कार्रवाई की। मामले में उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी सत्यम दीक्षित को राजस्थान के देवली से गिरफ्तार किया गया। आरोपी वर्तमान में देवली में CISF की नौकरी कर रहा था। फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर मिली नौकरी पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने दंतेवाड़ा जिले का निवासी होने का दावा करते हुए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर निवास प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र हासिल किए थे। आरोप है कि आरोपी ने इन्हीं प्रमाण पत्रों का उपयोग CISF भर्ती प्रक्रिया में किया और सरकारी नौकरी प्राप्त कर ली।
सत्यापन में सामने आया फर्जीवाड़ा मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी द्वारा प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों पर संदेह हुआ। इसके बाद संबंधित राजस्व अधिकारियों और तहसील कार्यालय से प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराया गया। सत्यापन प्रक्रिया में प्रमाण पत्रों के लिए लगाए गए दस्तावेज संदिग्ध पाए गए। जांच में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। देवली पहुंचकर पुलिस ने की गिरफ्तारी दंतेवाड़ा पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी राजस्थान के देवली में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम राजस्थान पहुंची और आरोपी सत्यम दीक्षित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी पुलिस अब इस मामले में फर्जी दस्तावेज तैयार कराने, प्रमाण पत्र जारी कराने और पूरे फर्जीवाड़े में सहयोग करने वाले अन्य लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दंतेवाड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी सेवाओं में फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

