रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बदमाशों के हौसले कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन बदमाश कई वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इस बार बदमाशों ने बीजेपी पार्षद को निशाना बनाया है। बीजेपी पार्षद और जोन 8 के अध्यक्ष प्रीतम ठाकुर की कार पर देर रात पथराव किया गया। बताया जा रहा है कि दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने पार्षद की कार का पीछा किया और मौका देखकर पत्थर से हमला कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, बीजेपी पार्षद प्रीतम ठाकुर अपनी कार से परिवार के साथ गणेश देखने के लिए निकले हुए थे। इसी दौरान बैरनबाजार स्थित बाठिया नर्सिंग होम के पास उनकी कार को रुकवाकर दोनों युवकों ने पत्थर मार दिया।
बताया जा रहा है कि इससे पहले आमापारा इलाके में दोनों बाइक सवारों से ढंग से बाइक चलाने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद पार्षद ने दोनों युवकों को आजाद चौक थाना पुलिस के हवाले कर दिया, लेकिन दोनों युवक नशे में होने की वजह से पुलिस ने उन्हें कुछ ही देर बाद छोड़ दिया। इसके बाद दोनों युवकों ने पार्षद की कार का पीछा किया और अंधेरा होने पर कार पर पथराव कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पार्षद के समर्थक मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। हालांकि, वारदात के बाद दोनों आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। पार्षद प्रीतम ठाकुर ने कोतवाली थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने FIR दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

