– कलेक्टर ने माँ बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ में क्वांर नवरात्रि मेले में यात्रियों की सुविधा एवं कानून व्यवस्था के संबंध में ली बैठक
– खाद्य एवं सुरक्षा विभाग को खाद्य पदाथों का निरीक्षण करने के दिए निर्देश
– सभी अधिकारियों, ट्रस्ट के सदस्यों, सेवा पंडाल के संचालकों तथा अन्य सभी को समन्वय एवं सहयोग से कार्य करने के लिए कहा
राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में क्वांर नवरात्रि पर्व के अवसर पर 11 अक्टूबर 2026 से डोंगरगढ़ स्थित माँ बम्लेश्वरी मंदिर में आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों को लेकर कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं एवं पदयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग तथा कानून व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता बघेल, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा उपस्थित थे।
कलेक्टर ने कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोंगरगढ़ पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, मंदिर ट्रस्ट तथा सामाजिक संस्थाओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने तथा स्वयं मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने रामदरबार चौक से डोंगरगढ़ की ओर पदयात्रियों के आवागमन को व्यवस्थित करने के लिए पृथक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पैदल यात्रियों और वाहनों के बीच पर्याप्त दूरी बनाए रखने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग करने कहा गया। वन विभाग से उपलब्ध बांस सामग्री का आकलन कर पुलिस विभाग से समन्वय करते हुए आवश्यकतानुसार अस्थायी बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। मोतीपुर से अछोली डोंगरगढ़ तक पदयात्रियों के लिए बनाए गए मार्ग एवं डिवाइडर की आवश्यक मरम्मत 7 से 10 दिनों में पूर्ण करने कहा गया। खैरागढ़ एवं महाराष्ट्र की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के मार्गों का भी निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने श्रद्धालुओं के लिए मार्ग में निर्धारित स्थानों पर सेवा पंडाल व्यवस्थित रूप से स्थापित करने तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ समन्वय सुनिश्चित करने कहा। प्रत्येक पंडाल में स्वच्छता, पेयजल, प्राथमिक उपचार, प्रकाश व्यवस्था एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। पंडालों में अनधिकृत पोस्टर-बैनर नहीं लगाने तथा प्रशासन एवं पुलिस के नियंत्रण कक्ष के संपर्क नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करने कहा। पंडालों के आसपास पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखने और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की स्वच्छता एवं गुणवत्ता पर खाद्य एवं स्वास्थ्य विभाग को निगरानी रखने तथा पेयजल की नियमित गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने कहा गया। पूरे यात्रा मार्ग एवं पंडालों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ विद्युत सुरक्षा की भी जांच कर आवश्यक मरम्मत समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए पंडालों के बीच उचित दूरी पर एम्बुलेंस की तैनाती तथा प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा गया। पदयात्रियों के पैरों में छाले सहित सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार के लिए आवश्यक पट्टी एवं प्राथमिक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। प्रमुख स्थानों पर स्वास्थ्य दलों की उपलब्धता तथा आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ लाइसेंस प्राप्त अस्पतालों से भी आवश्यक सहयोग लेने कहा गया।
कलेक्टर ने मंदिर परिसर में संचालित रोपवे की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक रोपवे ट्रॉली के साथ जिम्मेदार कर्मचारी की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रोपवे का फिटनेस प्रमाण-पत्र संबंधित विभागों को उपलब्ध कराने तथा प्रतिदिन रखरखाव एवं निरीक्षण की रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा गया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को पूरे पदयात्रा मार्ग, पार्किंग स्थल, सेवा पंडाल, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का स्वयं निरीक्षण करने कहा। उन्होंने नवरात्रि प्रारंभ होने से पहले सभी आवश्यक मरम्मत एवं व्यवस्थाएं पूर्ण करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्ययोजना के अनुरूप तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कहा कि पिछले वर्ष जिन पार्किंग स्थलों पर बेहतर व्यवस्था रही, उन्हें यथासंभव उसी व्यवस्था के अनुरूप संचालित किया जाए। मंदिर क्षेत्र सहित अन्य संभावित पार्किंग स्थलों का मौके पर निरीक्षण कर पर्याप्त संकेतक, सूचना बोर्ड एवं यातायात कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने कहा गया। पार्किंग स्थलों में फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन यंत्र) अनिवार्य रूप से रखने तथा दुकानों में रखे अग्निशमन यंत्रों की रिफिलिंग कर उन्हें कार्यशील स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की तैयारियों की जानकारी दी तथा मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु सुविधाओं के अनुरूप संचालित करने के लिए आवश्यक कार्ययोजना पर चर्चा की। बैठक में अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, एसडीएम डोंरगगढ़ अक्षय दोषी, मां बम्लेश्वरी ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

