Site icon

Durg : तहसील कार्यालय से बीजेपी कार्यालय होते हुए शनिचरी बाजार चौक तक मार्ग अब कहलाएगा स्वर्गीय चैनसुख भट्टड़ मार्ग

final-logo-copy.web

मनीष त्रिपाठी पत्रकार

-इंदिरा मार्केट कुंआ चौक का होगा भगवान परशुराम चौक नामकरण, मूर्ति स्थापना का प्रस्ताव भी मंजूर,

-सामान्य सभा में 9 प्रस्तावों पर हुई चर्चा,

दुर्ग/30 सितंबर/नगर पालिक निगम दुर्ग की सामान्य सभा की बैठक आज श्रद्धेय मोतीलाल वोरा सभागार भवन में सभापति श्याम शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। सामान्य सभा में कुल 9 प्रस्तावों पर बारी-बारी से चर्चा की गई। चर्चा एवं सदस्यों द्वारा रखे गए सुझावों और मांगों के उपरांत 7 प्रस्ताव बहुमत से तथा 2 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में महापौर अलका बाघमार, निगम आयुक्त लीना कोसम, एमआईसी सदस्यगण, एल्डरमेन एवं पार्षदगण उपस्थित रहे।
सामान्य सभा के दौरान निगम के विभिन्न विभागों से संबंधित विकास कार्यों, व्यवसायिक परिसरों तथा मार्ग एवं चौक नामकरण से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित आवश्यकताओं एवं जनहित के मुद्दों को सदन के समक्ष रखा।

व्यवसायिक परिसरों से संबंधित प्रस्ताव बहुमत से पारित बाजार विभाग के नियंत्रणाधीन नवनिर्मित जलगृह व्यवसायिक परिसर की तेरहवीं निविदा, जो दिनांक 26 फरवरी 2026 को दैनिक समाचार पत्र आंचलिक में प्रकाशित हुई थी, में प्राप्त ऑफर दर ऑफसेट मूल्य से अधिक होने के कारण स्वीकृति हेतु एमआईसी की अनुशंसा के संबंध में प्रस्ताव सदन में रखा गया, जिसे बहुमत से पारित किया गया।

इसी प्रकार बाजार विभाग के नियंत्रणाधीन नवनिर्मित गंजमंडी व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स की तेरहवीं निविदा, दिनांक 26 फरवरी 2026 को दैनिक समाचार पत्र आंचलिक में प्रकाशित होने के पश्चात प्राप्त ऑफर दर से संबंधित प्रस्ताव पर भी सदन में चर्चा हुई और इसे बहुमत से पारित किया गया।
नगर निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत निगम स्वामित्व की न्यू हटरी बाजार, वार्ड क्रमांक 30 बरईपारा, लुचकी लिंक रोड पर डॉ. बलराम वर्मा दवाखाना के बाजू खसरा क्रमांक 368/1 में निर्मित 4 दुकानों के प्रथम तल के 975 वर्गफीट छत क्षेत्र को निविदा के माध्यम से दिए जाने संबंधी प्रस्ताव भी बहुमत से पारित किया गया।

शहर के अधोसंरचना एवं जल व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी
अधोसंरचना मद अंतर्गत साइंस कॉलेज के बाजू स्थित केनाल रोड पर जी.ई. रोड से स्टेशन रोड तक केनाल रोड निर्माण कार्य के लिए 522.65 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति से संबंधित प्रस्ताव को बहुमत से पारित किया गया।
नगरोत्थान योजना अंतर्गत निगम के फिल्टर प्लांट, इंटेकवेल एवं उच्च स्तरीय जलागार क्षेत्रों के उन्नयन कार्य के लिए 303.70 लाख रुपये की स्वीकृति संबंधी प्रस्ताव को भी बहुमत से मंजूरी दी गई।

इसी योजना के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 18 अम्बेडकर आवास से शक्तिनगर नाला, हरी नगर से रजत होम्स, टोल प्लाजा से धमधा रोड तथा आरोग्यम हॉस्पिटल से शक्तिनगर नाला तक नाला निर्माण कार्य के लिए 363.83 लाख रुपये की स्वीकृति का प्रस्ताव बहुमत से पारित किया गया।
वहीं नगरोत्थान योजना के तहत उरला मुख्य मार्ग से प्रस्तावित एसटीपी तक सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए 297.04 लाख रुपये की स्वीकृति संबंधी प्रस्ताव को भी सदन ने बहुमत से पारित किया।

पूर्व पार्षद स्व. चैनसुख भट्टड़ के नाम पर मार्ग का नामकरण सर्वसम्मति से मंजूर
सामान्य सभा में पूर्व पार्षद एवं समाजसेवी स्वर्गीय चैनसुख भट्टड़ के सम्मान में महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।स्वर्गीय चैनसुख भट्टड़ ने अपने जीवनकाल में समाज सेवा, जनसेवा एवं सार्वजनिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। वे क्षेत्र के सम्मानित एवं सर्वप्रिय व्यक्तित्व रहे। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक एवं व्यापारिक संगठनों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से उनका आत्मीय एवं सहयोगपूर्ण संबंध रहा।
उनके द्वारा समाज एवं नगर के प्रति किए गए अमूल्य योगदान को चिरस्थायी सम्मान प्रदान करने के उद्देश्य से दिगंबर जैन मंदिर गली मार्ग का नाम परिवर्तित कर स्वर्गीय चैनसुख भट्टड़ मार्ग” किए जाने का प्रस्ताव सदन में रखा गया। प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके साथ ही यह मार्ग तहसील कार्यालय से बीजेपी कार्यालय होते हुए शनिचरी बाजार चौक तक स्वर्गीय चैनसुख भट्टड़ मार्ग के नाम से जाना जाएगा।

इंदिरा मार्केट के कुंआ चौक का नाम होगा भगवान परशुराम चौक,

सामान्य सभा में राजस्थानी गौड़ ब्राह्मण समाज, दुर्ग द्वारा दिनांक 22 सितंबर 2026 को दिए गए आवेदन पर भी चर्चा की गई। समाज द्वारा इंदिरा मार्केट स्थित कुंआ चौक का नामकरण भगवान परशुराम चौक” करने तथा भगवान परशुराम जी की मूर्ति स्थापना की मांग की गई थी।

प्रस्ताव में उल्लेख किया गया कि राजस्थानी गौड़ ब्राह्मण समाज द्वारा शहर की विभिन्न गतिविधियों में सामाजिक समरसता एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में योगदान दिया जाता रहा है। समाज के आराध्य भगवान परशुराम जी की जयंती को छत्तीसगढ़ में अक्षय तृतीया के रूप में भी मनाया जाता है। इस संबंध में चौक का नामकरण भगवान परशुराम जी के नाम से करने एवं मूर्ति स्थापना हेतु प्रस्तुत प्रस्ताव को सदन ने सर्वसम्मति से पारित किया।इस प्रकार सामान्य सभा की बैठक में शहर के विकास, अधोसंरचना, जल व्यवस्था, नाला निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, व्यवसायिक परिसरों के साथ-साथ शहर के प्रमुख मार्ग एवं चौक के नामकरण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया।जन संपर्क/राजू बक्शी

Exit mobile version