Site icon

CG : पीएम सूर्य घर योजना बनी आर्थिक राहत का आधार …

CG: Another murder incident in Mandir

सरकारी अनुदान से आसान हुई सौर ऊर्जा की राह

सूरजपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर संचालित पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने और बिजली खर्च में राहत दे रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा दी जा रही अतिरिक्त सहायता से योजना का लाभ लेने में नागरिकों को आर्थिक संबल मिल रहा है। जिले के जनपद पंचायत प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत खोरमा निवासी नंदलाल सिंह की कहानी इसका उदाहरण है।

               नंदलाल सिंह ने मार्च 2026 में योजना के अंतर्गत अपने घर की छत पर तीन किलोवॉट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया। उन्होंने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल लगभग तीन से चार हजार रुपये आता था। सोलर पैनल लगने के बाद अब उन्हें लगभग 500 से 600 रुपये का बिल भुगतान करना पड़ता है और कभी-कभी बिल शून्य भी हो जाता है। बिजली खर्च में आई इस कमी से परिवार को आर्थिक राहत मिली है।

नंदलाल ने बताया कि सोलर संयंत्र स्थापित कराने के लिए उन्हें बैंक से ऋण की सुविधा मिली। साथ ही केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई। इस प्रकार कुल एक लाख आठ हजार रुपये की सहायता समय पर मिलने से संयंत्र लगाने में उन्हें सहयोग मिला।

     केंद्र एवं राज्य सरकार की सहायता ने नंदलाल के लिए अपने घर पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करना आसान बनाया। अब घर की छत बिजली उत्पादन का माध्यम बन गई है और मासिक बिजली खर्च में होने वाली बचत परिवार की अन्य जरूरतों को पूरा करने में सहायक है।

नंदलाल ने शासन का आभार जताते हुए अन्य नागरिकों से लाभ लेने की अपील

नंदलाल सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आम जनता को आर्थिक राहत देने वाली यह योजना उनके परिवार के लिए उपयोगी साबित हुई है। उन्होंने अन्य नागरिकों से भी योजना की जानकारी प्राप्त कर इसका लाभ लेने की अपील की।

      सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सेवा की कहानी में खोरमा के नंदलाल सिंह का अनुभव दर्शाता है कि योजना का लाभ परिवारों के लिए बचत और आर्थिक राहत का आधार बन सकता है।
Exit mobile version