राजनांदगांव । शारदीय नवरात्रि को लेकर संस्कारधानी में उत्साह का माहौल बन चुका है। शहर के अलग-अलग स्थानों पर आकर्षक स्थल झांकियां तैयार की जा रही हैं। इन झांकियों के माध्यम से देवी आराधना के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी है। इस बार बसंतपुर कृषि उपज मंडी में श्रद्धालुओं को रामलला के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। नवरात्रि के नौ दिनों तक यहां भक्तों की भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसके चलते सुरक्षा व्यवस्था भी चुस्त – दुरूस्त की जा रही है। डीएसपी सतनारायण तिवारी ने बताया कि शहर में भी सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।
नवरात्रि पर्व को लेकर शहर के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख स्थानों पर समितियों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। पंडालों को आकर्षक रूप देने के साथ विद्युत सजावट, धार्मिक प्रतीकों और देवी-देवताओं से जुड़ी झांकियों को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। पर्व के दौरान दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक वातावरण का अनुभव कराने की कोशिश की जा रही है। नवरात्रि में इस बार अलग ही नजारा नजर आने की उम्मीद है।
बसंतपुर कृषि उपज मंडी में इस बार रामलला के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेंगे। भगवान श्रीराम से जुड़े धार्मिक प्रसंगों और भव्य सजावट के बीच श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। नवरात्रि के दौरान परिवार सहित पहुंचने वाले भक्तों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इसे देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की तैयारी की जा रही है। मंडी में इस बार नवरात्रि पर्व के अवसर पर अयोध्या में विराजमान भगवान श्रीराम के दर्शन कराने की तैयारी की गई है। समिति के अध्यक्ष सुनील ओबेरानी ने बताया कि इस बार स्थल झांकी को आकर्षक बनाने के लिए काम किया गया है। मंडी क्षेत्र में झांकी को अंतिम रूप दे दिया गया है। नौ दिनों तक श्रद्धालु इसका लाभ ले सकेंगे।
नौ दिनों तक रहेगी भक्तों की आवाजाही
नवरात्रि के दौरान सुबह से लेकर देर रात तक देवी मंदिरों और झांकियों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित पंडालों में पूजा-अर्चना, आरती और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। कई स्थानों पर आकर्षक रोशनी और साज-सज्जा के कारण शाम के समय विशेष रौनक दिखाई देगी। इसे देखते हुए सुरक्षा के भी व्यापक प्रबंध पुलिस प्रशासन द्वारा कराए जा रहे हैं।
रचनात्मकता, दर्शक भी होंगे अभिभूत
शहर में बनाई जा रही स्थल झांकियां केवल दर्शन का माध्यम नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और स्थानीय समितियों की रचनात्मकता का भी प्रदर्शन करती हैं। हर वर्ष अलग-अलग थीमों पर आधारित झांकियां श्रद्धालुओं को आकर्षित करती हैं। इस बार भी नवरात्रि के अवसर पर शहर में उत्सव जैसा माहौल रहने की उम्मीद है। आकर्षक झांकियों को देखकर दर्शक भी पूरी तरह अभिभूत होंगे।

