मानती राजवाड़े की बेटी को मिला योजना का लाभ, 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर शिक्षा और भविष्य की जरूरतों में मिलेगी सहायता
अम्बिकापुर। बेटियों के सुरक्षित भविष्य और उनकी शिक्षा के लिए छत्तीसगढ़ शासन की नोनी सुरक्षा योजना परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत ऐसी ही सेवा की कहानी है अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कृष्णापुर की रहने वाली मानती राजवाड़े की, जिनकी बेटी आंचल राजवाड़े को योजना का लाभ मिला है। योजना के तहत आंचल के नाम पर भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के माध्यम से एक लाख रुपये का बॉन्ड प्राप्त हुआ है। इससे बेटी के भविष्य को लेकर परिवार को आर्थिक सुरक्षा का भरोसा मिला है।
बेटी की शिक्षा और भविष्य की जरूरतों में मिलेगी मदद
मानती राजवाड़े बताती हैं कि हर माता-पिता की इच्छा होती है कि उनकी बेटी अच्छी शिक्षा प्राप्त कर जीवन में आगे बढ़े। इसी सोच के साथ वे भी अपनी बेटी आंचल के बेहतर भविष्य के लिए प्रयासरत हैं। नोनी सुरक्षा योजना से मिले लाभ ने उनकी इस चिंता को काफी हद तक कम किया है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत बेटी के 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर निर्धारित राशि का लाभ मिलेगा। इस राशि का उपयोग वे बेटी की आगे की पढ़ाई और अन्य आवश्यकताओं के लिए करना चाहती हैं। उनका कहना है कि भविष्य की जरूरतों के लिए अभी से आर्थिक सहायता का प्रावधान होने से बेटी की उच्च शिक्षा को लेकर परिवार को सहारा मिलेगा।
योजना से मिला भरोसा, मानती ने जताया आभार
नोनी सुरक्षा योजना का लाभ मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए मानती राजवाड़े ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नोनी सुरक्षा योजना से मेरे बेटी को भविष्य में लाभ मिलता। मानती राजवाड़े की यह कहानी दर्शाती है कि नोनी सुरक्षा योजना बेटियों के भविष्य के लिए आर्थिक सहायता सुनिश्चित करने के साथ अभिभावकों को उनकी शिक्षा और आगे की जरूरतों के प्रति आश्वस्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

