मोहला । प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में स्वीकृत निर्माणाधीन सड़कों, वृहद पुलों तथा संधारण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लेने अधीक्षण अभियंता पी. मोहन राव सोनी ने शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को चौकी, मोहला एवं मानपुर विकासखंड के विभिन्न निर्माण स्थलों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता सोनी ने कुदुरघोड़ा से जाड़ेटोला मार्ग के आर.डी. 1550 मीटर तथा घोटिया हल्बा से कुम्हारी वाको मार्ग के आर.डी. 1571 मीटर पर निर्माणाधीन वृहद पुलों के कार्यों का निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता का परीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के फेस-4 के अंतर्गत स्वीकृत घावडेटोला से झरन सड़क पर चल रहे जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) तथा पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। अधीक्षण अभियंता ने कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और तकनीकी मापदंडों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसके अतिरिक्त उन्होंने मोहला से गोटाटोला, गोटाटोला से बिटेझर तथा दिघवाड़ी से डोकलकोंडे मार्ग पर चल रहे नियमित संधारण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने सड़क संधारण कार्यों को बेहतर ढंग से संपादित करने तथा सड़कों की गुणवत्ता और उपयोगिता बनाए रखने के निर्देश दिए। अधीक्षण अभियंता ने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण एवं संधारण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर हो तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुगम सड़क संपर्क का लाभ मिल सके।

