Site icon

 राजनांदगांव : मां बम्लेश्वरी के दर्शनार्थ आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम

inal-logo-copy.webp

inal-logo-copy.webp

– कलेक्टर ने क्वांर नवरात्रि मेले की व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
– पदयात्री मार्गों पर सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
– सेवा पंडालों में श्रद्धालुओं के लिए भोजन, विश्राम एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने डोंगरगढ़ स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी देवी मंदिर में 11 से 20 अक्टूबर 2026 तक आयोजित क्वांर नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारू दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने नवरात्रि पर्व की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक में पुलिस प्रशासन, रेलवे, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, विद्युत, नगरीय निकाय, परिवहन विभाग एवं सेवाभावी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें।


कलेक्टर ने बताया कि क्वांर नवरात्रि मेले में लगभग 10 लाख श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना रहती है। प्रतिदिन लगभग 50 हजार से एक लाख श्रद्धालु डोंगरगढ़ पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर, मेला स्थल, रेलवे स्टेशन, पार्किंग स्थल एवं पदयात्री मार्गों पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने मेला परिसर एवं आसपास निर्मित लगभग 164 शौचालयों को चालू स्थिति में रखने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने कहा।


पदयात्रियों की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश –
कलेक्टर ने अंजोरा से डोंगरगढ़ तक पदयात्री मार्गों में पर्याप्त प्रकाश, संकेतक, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर एवं आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दुर्ग की ओर से आने वाले पदयात्री अंजोरा से सड़क के दाईं ओर चलेंगे। भारी वाहनों के लिए सोमनी थाना की ओर से वन-वे व्यवस्था तथा अमलीडीह से ढारा रोड पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस एवं परिवहन विभाग को पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने कहा गया है। मेला स्थल एवं प्रज्ञागिरी मैदान सहित निर्धारित पार्किंग स्थलों पर सुव्यवस्थित पार्किंग एवं निर्धारित किराया दरों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


स्वास्थ्य सेवाओं एवं शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था –
कलेक्टर ने मां बम्लेश्वरी मंदिर के ऊपर, मध्य एवं नीचे स्थित स्थानों सहित पदयात्री मार्गों पर स्वास्थ्य सहायता केन्द्रों में चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टॉफ, आवश्यक दवाइयों, ग्लूकोज, ओआरएस एवं प्राथमिक उपचार सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आपातकालीन परिस्थितियों के लिए एम्बुलेंस, बाइक एम्बुलेंस तथा डोंगरगढ़ अस्पताल एवं जिला चिकित्सालय में चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने कहा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं नगरीय निकायों को मेला परिसर तथा सभी सेवा पंडालों में शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति, टैंकर एवं पानी की टंकियों की व्यवस्था तथा पेयजल स्रोतों की गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
सेवा पंडालों में भोजन, विश्राम एवं स्वच्छता की व्यवस्था –
कलेक्टर ने पदयात्री मार्गों पर सेवाभावी संस्थाओं द्वारा स्थापित सेवा पंडालों में श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, भोजन, विश्राम, प्राथमिक उपचार एवं शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम, नगर पालिका परिषद एवं ग्राम पंचायतों को सेवा पंडालों तथा आसपास नियमित साफ-सफाई, कचरा संग्रहण एवं निस्तारण करने कहा। उन्होंने पर्यटन स्थल डोंगरगढ़ को प्लास्टिक थैली मुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। महिला स्वसहायता समूहों को कपड़े के बैग निर्माण एवं विक्रय से जोडऩे पर भी जोर दिया।


सीसीटीवी निगरानी, विद्युत एवं रेलवे व्यवस्था के निर्देश-
कलेक्टर ने मंदिर परिसर, मेला मैदान, रेलवे स्टेशन, पार्किंग एवं प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा पुलिस बल, होमगार्ड एवं स्वयंसेवकों की तैनाती के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को मंदिर परिसर एवं पदयात्री मार्गों में निर्बाध बिजली आपूर्ति, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, जनरेटर तथा तकनीकी कर्मचारियों की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा। रेलवे विभाग को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रेनों के ठहराव, अतिरिक्त टिकट काउंटर, पेयजल, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


रोप-वे संचालन एवं खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता पर निगरानी –
कलेक्टर ने रोप-वे के सुरक्षित संचालन के लिए नियमित मरम्मत, रखरखाव एवं फिटनेस प्रमाण-पत्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रोप-वे का संचालन प्रात: 7 बजे से रात्रि 11 बजे तक निर्धारित किया गया है। दिव्यांगजनों एवं 50 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं को टिकट वितरण में प्राथमिकता देने कहा गया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा खाद्य विभाग को होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, प्रसाद विक्रय केन्द्रों एवं भोजनालयों में खाद्य सामग्रियों की नियमित जांच कर दूषित खाद्य पदार्थ बेचने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आबकारी विभाग को अवैध शराब विक्रय रोकने तथा संबंधित विभागों को झूलों एवं अन्य मनोरंजन साधनों की सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने कहा गया है।

Exit mobile version