Site icon

CG : सक्षम योजना से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम, कलेक्टर ने तीन महिलाओं को प्रदान किया 40-40 हजार रुपये का चेक …

CG : सक्षम योजना से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम, कलेक्टर ने तीन महिलाओं को प्रदान किया 40-40 हजार रुपये का चेक …

CG : सक्षम योजना से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम, कलेक्टर ने तीन महिलाओं को प्रदान किया 40-40 हजार रुपये का चेक …

सूरजपुर । कलेक्टर रेना जमील ने छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित छत्तीसगढ़ महिला कोष की सक्षम योजना के तहत ग्राम पंचायत समोली, जनपद पंचायत भैयाथान की तीन महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 40-40 हजार रुपये के चेक प्रदान किए। उन्होंने महिलाओं को आजीविका गतिविधियों के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने, अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने और अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बनने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभम बंसल उपस्थित रहे।

योजना से लाभान्वित सुमन, पति करण, किराना दुकान का संचालन करेंगी। वहीं बाबी, पति गुलाब चंद, बांस से बनी सामग्री का निर्माण करने के साथ ही उसकी खरीद-बिक्री करेंगी। इसी प्रकार राखी, पति अजेश्वर, सूपा, डलिया सहित बांस से निर्मित विभिन्न सामग्रियों के निर्माण एवं बिक्री के माध्यम से स्वरोजगार से जुड़ेंगी।

विदित है कि इससे पहले तीनों महिलाएं मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। अब सक्षम योजना के तहत मिली ऋण सहायता से उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने और आय के नए साधन विकसित करने का अवसर मिलेगा। इन गतिविधियों से महिलाएं परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ अपनी पहचान भी स्थापित कर सकेंगी।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ महिला कोष की सक्षम योजना महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सक्षम योजना से मिली ऋण सहायता इन महिलाओं के लिए स्वरोजगार की नई शुरुआत के साथ आर्थिक सशक्तिकरण और बेहतर आजीविका का आधार बनेगी।

Exit mobile version