Site icon

सीएम योगी ने बताया भाजपा शासन में आखिर किस तरह बदले यूपी के हालात

सीएम योगी ने बताया भाजपा शासन में आखिर किस तरह बदले यूपी के हालात

दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा शहर में जागरण विमर्श के तहत ‘यूपी-एनसीआर: आशाएं और चुनौतियां’ विषय पर अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों को घेरते हुए भाजपा सरकार की साढ़े चार साल की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहले यह कहा जाता था कि जहां से गड्ढे शुरू हुए वहीं से यूपी की सीमा शुरू हुई, लेकिन अब हालात बदले हैं। अब उत्तर प्रदेश की पहचान बदल चुकी है। उत्तर प्रदेश की सीमाओं में प्रवेश करते ही अब अंधेरे नहीं उजाले से स्वागत होता है। इसके साथ ही कमरतोड़ गड्ढे वाले उत्तर प्रदेश की पहचान बदल चुकी है।

जल्द शुरू होगा फिल्म सिटी का निर्माण

सीएम योगी ने प्रदेश सरकार के विकास कार्यों को लेकर कहा कि हम यहां (ग्रेटर नोएडा) नई फिल्म सिटी बनाने जा रहे हैं, जिसकी औपचारिकता लगभग पूरी हो चुकी हैं। जल्द ही इसका निर्माण शुरू हो जाएगा। 

कानपुर में जल्द दौड़ेगी मेट्रो

सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश के कुल 4 शहरों में मेट्रो का संचालन शुरू हो चुका है और आने वाले दिनों में कानपुर में मेट्रो का संचालन भी शुरू हो जाएगा। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश में 5 नए एक्सप्रेस-वे बनाए जा रहे हैं।

प्रदूषण पर लगाम के लिए होगी इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद

अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने प्रदूषण को कम करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद और बिक्री जोर देने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से बेहतर जाएगा। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री ने कहा कि सिटी बस की सेवा को इलेक्ट्रिक बस सेवा के रूप में बदला जाएगा।

ईज आफ डूइंग में दूसरे स्थान पर आया सूबा

योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में विकास कार्य और कारोबार-व्यवसाय के माहौल होने की बात कही। इसके  साथ उन्होंने कहा कि ईज आफ डूइंग बिजनेस के मामले में उत्तर प्रदेश 15 स्थान से दूसरे स्थान पर आ गया है और छठी अर्थव्यवस्था से आगे बढ़कर देश की दूसरी अर्थव्यवस्था बन गया है। भविष्य में उत्तर प्रदेश को देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएंगे।

उमंग के साथ लोग बढ़ना चाहते हैं आगे

प्रदेश का प्रत्येक जनपद प्रत्येक प्राधिकरण अलग-अलग क्षेत्र में कार्य करने वाली सभी संस्थाएं पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरी ईमानदारी के साथ आमजन के लिए संवेदनशील बनते हुए लक्ष्यों को प्राप्त करने में आगे बढ़ रहे हैं। अगले 5 वर्ष उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए बहुत महत्वपूर्ण होंगे। 

Exit mobile version