अंबागढ़ चौकी , राजनांदगांव से अंबागढ़ चौकी होते हुए मोहला-मानपुर स्टेट हाईवे का चौड़ीकरण के साथ नए सिरे से निर्माण कार्य प्रगति पर है। नगरीय निकाय सीमा अंबागढ़ चौकी में चौडीकरण, पाथवे व डिवाईडर का कार्य नगर के प्रवेश द्वार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी अटल परिसर से करने की मांग को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने गुरुवार को प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव से भेंटकर चर्चा करते हुए ज्ञापन सौंपा।
विभाग के प्रमुख सचिव वरिष्ठ आईएएस मुकेश बंसल गुरुवार को नवीन जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के दौरे में थे। दोपहर 2 बजे लोक निर्माण विभाग के स्थानीय विश्राम गृह पहुंचे विभाग प्रमुख सचिव बंसल की अगुवानी कलेक्टर तनुजा सलाम, एसपी वाईपी सिंह व जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने की। बंसल यहां पर लंच करने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भेंटकर चर्चा की। इसके बाद वे जिला मुख्यालय मोहला व मानपुर के भ्रमण के लिए आगे बढ़ गए। इस दौरान जिपं के सीईओ उज्जवल पोरवाल, एसडीएम शुभांगी गुप्ता, जिला भाजपाध्यक्ष दिलीप वर्मा, आशीष द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
नवीन जिले के दौरे पर आए लोनिवि के प्रमुख सचिव ने मोहला के मध्य कई स्थानों में रुक कर निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान मीडिया व नागरिकों ने सड़क के गुणवत्ता व अनियमितता को लेकर शिकायतें की। बंसल ने इस संदर्भ में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिला और मंडल भाजपा अध्यक्ष ने भी सौंपा ज्ञापन लोनिवि के प्रमुख सचिव से जिला भाजपाध्यक्ष दिलीप वर्मा व मंडल अध्यक्ष आशीष द्विवेदी ने भी भेंट की। नपं अध्यक्ष की पहल को नगर व क्षेत्रवासियों के हित में बताते हुए जिला व मंडल अध्यक्ष ने प्रमुख सचिव को ज्ञापन सौंपा। बताया कि नगरीय निकाय क्षेत्र में स्टेट हाईवे पर चौड़ीकरण, नाली, पाथवे, डिवाइडर कार्य अटल परिसर से किया जाना ही उचित होगा। इससे पूरे जिला वासियों को लाभ प्राप्त होगा।
तीन सौ करोड़ की लागत से निर्माणाधीन राजनांदगांव-मोहला- मा नपुर स्टेट हाईवे कार्य में नगरीय निकाय अंबागढ़ चौकी में चौडीकरण, पाथवे, डिवाइडर, नाली का कार्य हड्डी गोदाम, मेरेगांव शीतला मंदिर से शिवनाथ ब्रिज तक प्रस्तावित है। नगर पंचायत परिषद इस कार्य में विस्तार की मांग कर रही है। विस्तार की मांग को लेकर विभाग के प्रमुख सचिव बंसल से पिछले तीन माह में दो बार राजधानी रायपुर में मंत्रालय में भेंटकर ज्ञापन सौंप चुके हैं। यह कार्य नगर व क्षेत्रवासियों के लिए हर दृष्टिकोण से लाभ के साथ राहत दिलाने का कार्य है। चौड़ीकरण, नाली व डिवाइडर अटल परिसर से होने पर मुख्य मार्ग में विशेषकर मेरेगंाव वार्ड 1 में सड़क में आने वाला निस्तार व नालियों के पानी से समस्या की मुक्ति मिलेगी। इसके अलावा नगरीय निकाय क्षेत्र में होने वाली छोटी-बड़ी सडक दुर्घटनाओं में कमी आएगी व नगर के सौंदर्यीकरण में लाभ होगा।

