कलाकार दलों को 25-25 हजार रुपये देने की घोषणा
दुर्ग । अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस पर दुर्ग जिले के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बानबरद में आयोजित पंडवानी महासम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। सम्मेलन में प्रदेशभर से विभिन्न लोककलाओं के कलाकार पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कलाकारों को प्रोत्साहित करने के साथ क्षेत्र के विकास से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। सम्मेलन में शामिल 70 कलाकार दलों को प्रत्येक दल के लिए 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने, बानबरद मिडिल स्कूल को हाईस्कूल में उन्नत करने और अहिवारा रेलवे क्रॉसिंग से अटल परिसर तक बीटी रोड बनाने की घोषणा की गई।
पंडवानी में एक कलाकार निभाता है कई पात्रों की भूमिका : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पंडवानी ऐसी अनूठी लोककला है, जिसमें एक ही कलाकार महाभारत के विभिन्न पात्रों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ को लोककला और संस्कृति की समृद्ध धरती बताते हुए कहा कि यहां की परंपराओं को आगे बढ़ाने में कलाकारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने पंडवानी की प्रसिद्ध कलाकार पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी कला और योगदान को याद किया।
46 वर्षों से लोककला संरक्षण में जुटा ज्ञानश्रोत कला मंच
मुख्यमंत्री ने ज्ञानश्रोत कला मंच के 46 वर्षों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्था ने छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने इस आयोजन को लोक कलाकारों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच बताया।
तीजन बाई के नाम पर लोककला अलंकरण देने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोककला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रयास कर रही है। पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई की स्मृतियों को स्थायी बनाने के लिए उनके गृह ग्राम गनियारी को कला ग्राम के रूप में विकसित करने और हाईस्कूल का नाम उनके नाम पर रखने का संकल्प है। साथ ही, इस वर्ष राज्योत्सव से उनके नाम पर लोककला अलंकरण प्रदान करने की पहल की जा रही है।
फिल्म विकास बोर्ड और फिल्म सिटी से कलाकारों को मिलेगा मंच
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ी सिनेमा और स्थानीय कलाकारों को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ फिल्म विकास बोर्ड के गठन का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नवा रायपुर में लगभग 300 से 400 करोड़ रुपये की लागत से फिल्म सिटी विकसित की जा रही है। इससे छत्तीसगढ़ी फिल्मों और फिल्म निर्माण से जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
70 कलाकार दलों को मिलेगी 25-25 हजार रुपये की सहायता
आयोजकों की मांग पर मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में शामिल सभी 70 कलाकार दलों के लिए 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इनमें चार पंथी दल और तीन आदिवासी नृत्य दल भी शामिल हैं। इस घोषणा से कलाकार दलों को कुल 17.50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दिए जाने का प्रावधान होगा।
बानबरद में स्कूल उन्नयन और सड़क निर्माण की घोषणा
मुख्यमंत्री ने ग्राम बानबरद के मिडिल स्कूल को हाईस्कूल में उन्नत करने तथा अहिवारा रेलवे क्रॉसिंग से अटल परिसर तक बीटी रोड निर्माण की घोषणा भी की। इन कार्यों से क्षेत्र में शिक्षा की सुविधा और आवागमन बेहतर होने की उम्मीद है।
लोकगीत और नृत्य छत्तीसगढ़ की पहचान : गजेन्द्र यादव
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति को आगे बढ़ाने में स्थानीय कलाकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पंडवानी, पंथी, भरथरी, ददरिया और सुवा नृत्य प्रदेश की समृद्ध परंपराओं और मूल्यों के प्रतीक हैं। उन्होंने कलाकारों से इस वार्षिक महासम्मेलन की परंपरा को आगे भी जीवंत बनाए रखने का आह्वान किया।
डॉ. उषा बारले ने किया स्वागत
कार्यक्रम में डॉ. उषा बारले ने स्वागत उद्बोधन दिया और कलाकारों से जुड़ी विभिन्न मांगों की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। सम्मेलन को वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने भी संबोधित किया।

