राजनांदगांव। पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और दांपत्य जीवन में खुशहाली की कामना के साथ महिलाएं आज 29 अक्टूबर को करवा चौथ का व्रत रखेंगी। पर्व को लेकर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। महिलाओं ने व्रत की तैयारियां पूरी कर ली हैं और पूजा सामग्री, साड़ी, चूड़ी, मेहंदी, मिठाई तथा श्रृंगार के सामान की खरीदारी की है।
करवा चौथ को लेकर बाजारों में पिछले कुछ दिनों से रौनक देखने को मिल रही है। पूजा सामग्री, करवा, छलनी, दीपक, मिठाई और श्रृंगार के सामान की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। बारिश के बाद भी बाजारों में महिलाओं की आवाजाही बनी रही और दुकानदारों को अच्छी बिक्री की उम्मीद है।
शुभ मुहूर्त में होगी पूजा-अर्चना
करवा चौथ के दिन महिलाएं परंपरा के अनुसार व्रत रखकर शाम को विधि-विधान से भगवान शिव, माता पार्वती और गणेश जी की पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद करवा चौथ की कथा सुनी जाएगी। महिलाएं चंद्रमा के दर्शन कर अर्घ्य देंगी और अपने पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत का पारण करेंगी।
परंपरा और आस्था का पर्व
करवा चौथ भारतीय परंपरा में सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दिन महिलाएं सोलह श्रृंगार कर पूजा करती हैं और अपने वैवाहिक जीवन की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। पर्व के चलते घरों में भी विशेष तैयारियां की गई हैं। महिलाओं में व्रत और पूजा को लेकर खास उत्साह दिखाई दे रहा है।
करवा चौथ के अवसर पर बाजारों में बढ़ी चहल-पहल से व्यापारियों को भी कारोबार में तेजी की उम्मीद है। पर्व को लेकर शहर का माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना हुआ है।

