मोहला | छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए युवा रत्न सम्मान के लिए पात्र युवाओं व स्वैच्छिक संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
योजना का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं, संस्थाओं को प्रोत्साहित कर उनकी प्रतिभा और समाज के प्रति उनके योगदान को सम्मानित करना है। इच्छुक पात्र आवेदक 30 अक्टूबर तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। सम्मान के अंतर्गत सामाजिक कार्य, साहित्य, उद्योग, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण, महिला व बाल विकास, मीडिया, स्वास्थ्य, विज्ञान व प्रौद्योगिकी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण तथा कला, संगीत एवं लोक कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले युवाओं का चयन किया जाएगा।
चयनित प्रत्येक युवा को एक लाख रुपए की नकद राशि, पदक, प्रशस्ति पत्र व शॉल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। आवेदक की आयु एक अप्रैल 2026 तक कम से कम 15 वर्ष पूर्ण होनी चाहिए तथा 31 मार्च 2026 को उसकी आयु 29 वर्ष से कम होनी चाहिए। इच्छुक युवा व पात्र स्वैच्छिक संस्थाएं निर्धारित आवेदन प्रारूप में आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर प्रभारी जिला खेल अधिकारी, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के कलेक्टर कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं।

