मनीष त्रिपाठी पत्रकार
स्ट्रांग रूम, मतगणना, सामग्री वितरण एवं वापसी तथा पार्किंग व्यवस्था का लिया जायजा, सफाई और मैदान की ग्रास क्लियरिंग के दिए निर्देश
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त श्रीमती सुरुचि सिंह ने आगामी निकाय चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर सेक्टर-7 स्थित कल्याण कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चुनाव सामग्री वितरण एवं वापसी की व्यवस्था के लिए निर्धारित स्थलों का जायजा लिया। साथ ही स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल तथा पार्किंग व्यवस्था के लिए उपलब्ध मैदान का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने चुनाव प्रक्रिया को सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैदान में अनावश्यक रूप से उगी घास की ग्रास क्लियरिंग कराने तथा पूरे परिसर में व्यापक सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चुनाव कार्य से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ दुरुस्त किया जाए, ताकि सामग्री वितरण एवं वापसी, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, मतगणना और पार्किंग के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस दौरान जोन आयुक्त येशा लहरे, कार्यपालन अभियंता संजय वर्मा, सहायक अभियंता चंद्रकांत साहू, जोन स्वास्थ्य अधिकारी सागर दुबे एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

