Site icon

Durg : महापौर परिषद की बैठक में शहर विकास के लिए 15 प्रस्तावों पर हुई चर्चा, कई कार्यों को मिली स्वीकृति

मनीष त्रिपाठी पत्रकार


भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई में महापौर परिषद की बैठक महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता एवं निगम आयुक्त सुरूचि सिंह की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने तथा निगम की आय बढ़ाने से जुड़े कुल 15 प्रमुख प्रस्ताव विचारार्थ रखे गए। महापौर परिषद के सदस्यों ने विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए महत्वपूर्ण कार्यों को सहमति एवं अनुशंसा प्रदान की।
बैठक के प्रथम चरण में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आबादी क्षेत्र कुरूद के 19 तथा खम्हरिया/जुनवानी के 27, इस प्रकार कुल 46 पात्र हितग्राहियों की पृथक-पृथक अंतिम सूची को महापौर परिषद की बैठक के उपरांत सामान्य सभा में प्रस्तुत किए जाने की सहमति प्रदान की गई। इससे पात्र हितग्राहियों को आवास योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
इसी प्रकार निगम की ग्राम सेमरिया स्थित भूमि में 10 मेगावाट क्षमता का ऑनग्रिड सोलर प्लांट स्थापित करने के संबंध में शासन को पत्र प्रेषित करने की मंजूरी दी गई। इससे सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में पहल की जाएगी। इससे नवीनीकृत ऊर्जा का उपयोग के साथ विद्युत आपूर्ति एवं आर्थिक बचत होना है।
वार्ड क्रमांक 18 कांट्रेक्टर कॉलोनी के हरा मैदान में स्थित सामुदायिक भवन के संचालन के लिए रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित कर न्यूनतम दरदाता से संविदा निष्पादित करने एवं कार्यादेश जारी करने की अनुमति के प्रस्ताव को भी अनुशंसा प्रदान की गई। वार्ड क्रमांक 4 नेहरू नगर पश्चिम ब्लॉक-64 में प्लॉट नंबर 1 से 10 तक सीसी रोड एवं नाली निर्माण के प्रस्तावित स्थल में परिवर्तन करते हुए ब्लॉक-67 में प्लॉट नंबर 1 से 10 तक सीसी रोड एवं नाली निर्माण कराए जाने पर महापौर परिषद के सदस्यों ने सहमति जताई

अधोसंरचना मद के अंतर्गत जोन क्रमांक 2 के वार्ड क्रमांक 28 कैंप-1 सुभाष चौक के पास बीएसपी हायर सेकेंडरी स्कूल के समीप 2 करोड़ रुपये की लागत से मांगलिक एवं सांस्कृतिक भवन निर्माण के लिए निविदा आमंत्रित करने की अनुमति प्रदान की गई। जोन क्रमांक 5 के वार्ड क्रमांक 70 हुडको स्थित हॉस्पिटल सेक्टर से लगे हुडको मैदान में डॉ भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन के संचालन एवं संधारण तथा जोन क्रमांक 4 के वार्ड क्रमांक 51 स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय खेल परिसर के संचालन एवं संधारण के लिए आरएफपी आमंत्रित करने की अनुशंसा की गई। हुडको के सीवरेज लाइन नवीनीकरण कार्य के प्रस्ताव में चर्चा पश्चात् स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में रखे गए अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा कर आवश्यक अनुशंसा प्रदान की गई। महापौर परिषद की बैठक में शहर के आधारभूत विकास, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता संसाधनों के विस्तार, ऊर्जा संरक्षण, सामाजिक एवं सांस्कृतिक सुविधाओं तथा निगम की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने से संबंधित विषयों पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में महापौर परिषद के सदस्य लक्ष्मीपति राजू, सीजू एन्थोनी, संदीप निरंकारी, आदित्य सिंह, केशव चौबे, एकांश बंछोर, चंद्रशेखर गंवई, मालती ठाकुर, अपर आयुक्त राजेन्द्र कुमार दोहरे, उपायुक्त दिनेश कोसरिया, कार्यपालन अभियंता अनिल सिंह, संजय वर्मा, अजय कुमार गौर, नितेश मेश्राम, लेखाधिकारी चंद्रभूषण साहू, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, सहायक अभियंता श्वेता वर्मा, राजेश पालवे, देवव्रत राजपूत उपस्थित रहे।

संलग्न-फोटो जनसम्पर्क अधिकारी

Exit mobile version