डोंगरगांव | दीपावली पर्व में शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए डोंगरगांव पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। टीआई आशीर्वाद रहटगांवकर ने बताया कि पर्व को शांति पूर्ण और सौहार्दपूर्ण मनाने के लिए पुलिस के द्वारा नगर के विभिन्न वार्डों सहित ग्रामीण क्षेत्रों में गश्त शुरू की गई है। इसके साथ ही पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं बदमाशों पर निगरानी बढ़ा दी है।
इस दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। नगर के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और विभिन्न वार्डों में निगरानी रखी जा रही है। रात्रि के समय अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और जांच भी की जाएगी।

