अंबागढ़ चौकी , नगर पंचायत परिषद की सामान्य सभा की बैठक हुई। नई परिषद के पौने दो वर्ष के कार्यकाल में सामान्य सभा की यह 18वीं बैठक थी। सामान्य सभा में उपस्थित पार्षदों ने बस स्टैंड मे नया कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए सर्वसम्मति से संकल्प पारित किया। परिषद ने कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए छह महीने में शासन से अनुदान प्राप्त करने की दिशा में कार्य करने का लक्ष्य रखा है।
परिषद की बैठक नगरीय निकाय के सभाकक्ष में हुई। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी की अध्यक्षता में बैठक दो घंटे चली। इसमें नगर विकास से जुड़े कई एजेंडों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया। सीएमओ विजय पांडे ने बैठक के एजेंडों को सामने रखा।
नपं अध्यक्ष ने नगर विकास से जुड़े एजेंडों पर अपनी बात रखते हुए सभी पार्षदों से इन एजेंडों पर विचार व सुझाव रखने का आहवान किया। नपं अध्यक्ष ने बताया कि बस स्टैंड में वार्ड 9, वार्ड 3 में नगरीय निकाय की आय बढ़ाने, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के लिए कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव व अनुदान की स्वीकृति के लिए मांग पत्र भेजा जा रहा है।
किसी भी व्यापारी का अहित नहीं करेंगे नगरीय निकाय ने बस स्टैंड में जिस स्थान पर कॉम्प्लेक्स निर्माण की योजना व प्रस्ताव तैयार किया है। उस स्थान में लगभग आठ-दस व्यापारी अस्थाई आवंटन के तहत कच्चा पक्का दुकान बनाकर व्यवसाय कर रहे हैं। नपं अध्यक्ष ने कहा कि हम नगर के किसी भी नागरिक व व्यापारी का अहित नहीं करेंगे और न ही उनकी रोजी-रोटी छीनेंगे।
नगरीय निकाय से मिले गाइड लाइन के तहत हम प्रभावित होने वाले दुकानदारों को कॉम्प्लेक्स में दुकान का आबंटन करेंगे। कॉम्प्लेक्स निर्माण के बाद विधिवत दुकानों का आबंटन होता है तो प्रभावित व्यापारियों का भविष्य सुरक्षित हो जाएगा और वे निर्बाध गति के साथ शांतिपूर्वक व्यापार व्यवसाय कर सकते हैं। बैठक में विधायक प्रतिनिधि पूर्व नपं अध्यक्ष अशोक वर्मा, पार्षद सुरेश नेताम, दिलीप कुंभकार, ईश्वरी ध्रुवे, विनोद डेहरिया, गोपीचंद देवांगन, झरनेश कुंभकार, कविता यादव, किशुन पटेल, उमा शंकर निषाद, एल्डरमेन सैयद अजहरूद्यीन, कुंजलता हरमुख, सीएमओ विजय पांडे आदि मौजूद रहे।
नई कालोनियों में होगा पाइप लाइन विस्तार नगर में जल आवर्धन योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। इस योजना की स्वीकृति शासन से वर्ष 2018 में मिली है। बताया जाता है कि योजना का प्रस्ताव वर्ष 16 में तैयार हुआ था। शासन से मिली स्वीकृति के सात-आठ वर्षों के बाद नगर में यह कार्य प्रारंभ हुआ है। ऐसे में कई वार्डों की सीमाएं बढ़ गई और नया आवासीय क्षेत्र का विस्तार हुआ है। परिषद की बैठक में सभी नई कालोनियों व आवासीय क्षेत्रों में पाइप लाइन बिछाने का संकल्प पारित किया।

