Site icon

डाकलिया परिवार संयम की राह पर दीक्षा का मुहूर्त मिलने के बाद आज प्रथम नगर आगमन पर होगा भव्य स्वागत

WhatsApp Image 2021-11-10 at 7.23.28 PM

राजनांदगांव । संस्कारधानी नगरी के प्रतिष्ठित डाकलिया परिवार अब सयंम की राह पर आगे बढ़ रहा है। पूरा परिवार दीक्षा अंगीकार कर आत्म कल्याण का मार्ग ग्रहण करने जा रहा है। मध्य प्रदेश के सिवनी के समीप स्थित नमीउण तीर्थ में उन्हें आचार्य भगवन श्री जिन पीयूष सागर सुरीश्वर जी महाराज द्वारा परिवार की अनुमति मिलने के बाद उन्हें दीक्षा देने के लिए मुहूर्त तय किया गया। मुहूर्त मिलने के बाद कल 11 नवंबर गुरुवार को उनका नगर आगमन हो रहा है। स्थानीय गायत्री मंदिर चौक में डाकलिया परिवार सहित अन्य मुमुक्षुओं का पहली बार नगर आगमन होने पर सुबह 8:15 बजे उनका भव्य स्वागत किया जाएगा और बरघोड़ा भी निकलेगा। 

  आत्म कल्याण की राह पर आगे बढ़ने के लिए नगर के गंज लाइन स्थित उपेंद्र मेडिकल के संचालक एवं स्वर्गीय प्रकाश चंद डाकलिया व कंचन देवी डाकलिया के पुत्र भूपेंद्र जी डाकलिया, उनकी धर्मपत्नी सपना जी डाकलिया, पुत्रियां महिमा एवं मुक्ता डाकलिया तथा पुत्र गण देवेंद्र एवं हर्षित डाकलिया धर्म की राह पर चलते हुए आचार्य भगवन से दीक्षा की आज्ञा ली और परिवार की सहमति से वे 15 जनवरी को राजनांदगांव में दीक्षा ग्रहण करेंगे। दीक्षा ग्रहण करने से पूर्व परिवार की अनुमति आवश्यक होती है जिसके लिए उन्होंने आचार्य भगवन की आज्ञा से सकल जैन श्री संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर नरेश डाकलिया से, जो कि रिश्ते में उनके चाचा हैं, से अनुमति मांगी। श्री डाकलिया ने अपने भतीजे एवं उनके परिवार की प्रबल इच्छा को देखते हुए बड़ा दिल करते हुए अश्रुधारा के साथ यह अनुमति दे दी। जैसे ही गुरु भगवंतों के मुख से इनके नामों की घोषणा हुई, वहां उपस्थित पूरा जन मानस भाव विभोर हो गया। सबने हर्ष हर्ष जय जय के नारे के साथ उनका अभिनंदन किया।
       सकल श्री जैन संघ के अध्यक्ष नरेश डाकलिया ने बताया कि मूर्त मिलने के बाद कल 11 नवंबर गुरुवार को सुबह 8:15 बजे डाकलिया परिवार सहित कुल 18 मुमुक्षुओ (दीक्षार्थियों) का गायत्री मंदिर चौक में भव्य स्वागत कर नगर प्रवेश कराया जाएगा। गायत्री मंदिर चौक से बरघोड़ा जुलूस के रूप में निकाला जाएगा जो कामठी लाइन, भारत माता चौक होते हुए सदर बाजार स्थित जैन मंदिर पहुंचेगा। मंदिर दर्शन पश्चात तुरंत ही जैन बगीचे में इनका अभिनंदन समाज के लोगों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सुबह 8:15 बजे गायत्री मंदिर चौक में पहुंचकर पूरे कार्यक्रम में हिस्सा लेने की विनम्र अपील की है।

Exit mobile version