Site icon

पीएम मोदी ने कहा, नए नियमों के साथ लागू होगा लॉकडाउन 4.0, अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए 20 लाख करोड़ का स्पेशल पैकेज देंगे

ghdf

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया ने कभी ऐसा संकट नहीं देखा है। मोदी ने कहा कि कोरोना का संकट अभूतपूर्व है। हमें इस संकट से बचना भी है और आगे बढ़ना भी है। इस दौरान नरेंद्र मोदी ने 20 लाख करोड़ रुपए के विशेष आर्थिक पैकेज का ऐलान किया और कहा कि यह आर्थिक गतिविधियों को रफ्तार देगा। देश में लॉकडाउन के 54 दिन में यह उनका पांचवां संदेश है। इस संदेश से पहले सोमवार को मोदी ने मुख्यमंत्रियों से करीब 6 घंटे बातचीत की थी।

मोदी का राष्ट्र के नाम 5वां संदेश

मोदी की स्पीच के 3 अहम प्वाइंट
1. आत्मनिर्भर भारत: मोदी ने कहा- ‘‘मैंने अपनी आंखों के साथ कच्छ भूकंप के दिन देखे हैं। हर तरफ सिर्फ मलबा ही मलबा। सबकुछ ध्वस्त हो गया था। ऐसा लगता था मानो कच्छ मौत की चादर ओढ़ कर सो गया था। उस परिस्थिति में कोई सोच भी नहीं सकता था कि कभी हालत बदल पाएगी। लेकिन देखते ही देखते कच्छ उठ खड़ा हुआ। कच्छ बढ़ चला। यही हम भारतीयों की संकल्पशक्ति है। हम ठान लें तो कोई लक्ष्य असंभव नहीं, कोई राह मुश्किल नहीं। और आज तो चाह भी है, राह भी है। ये है भारत को आत्मनिर्भर बनाना।’’
2. आत्मनिर्भर भारत के 5 स्तंभ:  ‘‘भारत आत्मनिर्भर बन सकता है। यह भव्य इमारत पांच पिलर्स पर खड़ी है। पहला पिलर- इकोनॉमी। एक ऐसी इकोनॉमी जो इन्क्रीमेंटल चेंज नहीं, बल्कि क्वांटम जम्प लाए। दूसरा पिलर- इन्फ्रास्ट्रक्चर। एक ऐसा इन्फ्रास्ट्रक्चर जो आधुनिक भारत की पहचान बने। तीसरा पिलर- सिस्टम। ऐसा सिस्टम जो बीती शताब्दी की रीति नहीं, बल्कि 21वीं शताब्दी की टेक्नोलॉजी ड्रिवन व्यवस्था पर आधारित हो। चौथा पिलर- डेमोग्राफी। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की डेमोग्राफी आत्मनिर्भर भारत के लिए हमारी ऊर्जा का स्रोत है। पांचवां पिलर- डिमांड। इसका चक्र और इसकी ताकत का इस्तेमाल किए जाने की जरूरत है।’’
3. विशेष आर्थिक पैकेज: ‘‘देश में डिमांड बढ़ाने और इसे पूरा करने के लिए हमारी सप्लाई चेन के हर स्टेकहोल्डर का सशक्त होना जरूरी है। हमारी सप्लाई चेन को हम मजबूत करेंगे, जिसमें मेरे देश की मिट्‌टी की महक हो। हमारे मजदूरों के पसीने की खुशबू हो। कोरोना संकट का सामना करते हुए नए संकल्प के साथ मैं आज 20 लाख करोड़ रुपए के एक विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा कर रहा हूं। यह आर्थिक पैकेज आत्मनिर्भर भारत अभियान की अहम कड़ी के तौर पर काम करेगा।’’

कोरोना पर अब तक मोदी के 4 संदेश

लॉकडाउन के अब तक तीन फेज

कोरोना की वजह से देश पहला लॉकडाउन 25 मार्च से 14 अप्रैल तक और दूसरा लॉकडाउन 15 अप्रैल से 3 मई तक रखा गया था। इसके बाद तीसरे फेज का लॉकडाउन 4 मई से शुरू हुआ जो 17 मई तक चलेगा।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देश के मुख्यमंत्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 6 घंटे बातचीत की थी। इसमें उन्होंने मुख्यमंत्रियों से 15 मई तक यह बताने को कहा कि वे अपने राज्य में कैसा लॉकडाउन चाहते हैं। 7 राज्यों महाराष्ट्र, बिहार, पंजाब, तेलंगाना, प. बंगाल, हिमाचल और असम ने लॉकडाउन बढ़ाने की पैरवी की। वहीं, बिहार, तेलंगाना और तमिलनाडु ने ट्रेनें चलाने पर सवाल उठाए। गुजरात ने लॉकडाउन सिर्फ कंटेनमेंट जोन तक सीमित रखने की बात कही।  

Exit mobile version