Site icon

नहीं लेंगे दहेज, रायपुर में परिचय सम्मेलन के दौरान सतनामी समाज के युवाओं ने की घोषणा

21_02_2022-introduction_conference_in_raipur

HEERA MANIKPURI

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित सतनामी समाज के युवक-युवती परिचय सम्मेलन में 125 वैवाहिक संबंधों की बात आगे बढ़ी है। कुल 700 युवतियों ने यहां अपना परिचय देते हुए भावी जीवन साथी में होने वाली विशेषताओं पर अपनी-अपनी बातें रखी। आयोजकों ने कहा कि जिन संबंधों पर सहमति बनी है, अपै्रल महीने में उनका सामूहिक विवाह किया जाएगा। जोड़ों को विवाह पोशाक, घर-गृहस्थी की सामग्री उपहार में दी जाएगी। सबसे विशेष बात ये रही कि सभी विवाह बिना किसी लेन-देन के किए जाएंगे। दहेज के बिना विवाह करने की घोषणा यहां युवाओं ने स्वयं ही आगे आकर की।

दो साल से कोरोना महामारी के चलते किसी भी तरह का भव्य आयोजन नहीं किया जा रहा था। अब महामारी का प्रकोप कम होने के बाद सतनामी समाज के नेतृत्व में रविवार को युवक-युवती सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में एक हजार से अधिक युवक-युवतियों ने पंजीयन करवाया था। सतनामी उत्थान एवं जागृति समिति के नेतृत्व में पंडरी स्थित खालसा स्कूल में हुए परिचय सम्मेलन में प्रदेशभर से अभिभावक अपने-अपने पुत्र-पुत्रियों के लिए संबंधों की बात आगे बढ़ाने बड़ी संख्या में पहुंचे।

समिति अध्यक्ष जय बहादुर बंजारे एवं संरक्षक बीआर बंजारे, सरजू प्रसाद घृतलहरे ने कहा कि यह सम्मेलन भविष्य में फिजूलखर्ची रोकने में सहायक सिद्ध होगा। एक ही छत के नीचे अभिभावकों को अनेक संबंधों पर चर्चा करके योग्य संबंध तय करने में सरलता होगी।इस तरह के आयोजन से समाज में एक नई विचारधारा जागृत हो रही है। प्रवक्ता राजेंद्र पप्पू बंजारे ने बताया कि कुल 1050 आवेदन आए थे। इनमें से 780 युवतियों ने परिचय देते हुए शिक्षित एवं अच्छी नौकरी करने वाले युवक को पति रूप में पाने की इच्छा जताई।

सम्मेलन में आयोजकों ने अपील की कि इसे स्मरणीय बनाएं। ये सुनते ही ढेरों युवा सामने आए और उन्होंने मंच से ही घोषणा की कि वो बिना दहेज लिए विवाह करेंगे। युवाओं के इस शपथ को उनके परिजनों ने भी स्वीकार किया।अप्रैल में सामूहिक विवाहसमिति ने घोषणा की है कि सम्मेलन में जिन जोड़ों का विवाह तय होता है, यदि वे सहमति दें तो अप्रैल में सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा। जोड़ों को विवाह पोशाक, घर-गृहस्थी की सामग्री उपहार स्वरूप दी जाएगी।

निश्शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

सम्मेलन में आए युवक-युवतियों, अभिभावकों के स्वास्थ्य की जांच निश्शुल्क की गई। गोविंद हॉस्पिटल के सहयोग से डा.रामगोपाल घृतलहरे के नेतृत्व में खून जांच, बीपी जांच शुगर जांच और हड्डी रोग से संबंधित जांच की गई। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष बबलू त्रिवेंद्र, अंजली बरमाल, दिनेश खूंटे, पृथ्वी राज बघेल, डीडी भारती रमेश बंजारे आदि ने सहयोग किया।

Exit mobile version