Site icon

भगवंत मान का व्हाट्सएप नंबर होगा भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन, पंजाब में 23 मार्च से शुरू होगी सेवा

Bhagwant Mann Panjab

पदभार संभालते ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक्शन में आ गए हैं। भगवंत मान ने भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन शुरू करने की घोषणा की है। उन्होंने एलान किया कि 23 मार्च शहीद दिवस पर यह हेल्पलाइन शुरू की जाएगी। प्रदेश के लोग व्हाट्सएप के जरिए भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज करा सकेंगे। मान ने ट्वीट किया कि हम भगत सिंह की शहादत के दिन भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन नंबर जारी करेंगे। वह मेरा व्यक्तिगत व्हाट्सएप नंबर होगा। अगर कोई आपसे घूस मांगता है तो उसकी वीडियो/ऑडियो रिकॉर्डिंग मुझे भेजें। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पंजाब में अब भ्रष्टाचार नहीं रहेगा।

केजरीवाल ने दिलाया विश्वास, तत्काल कार्रवाई करेंगे

भगवंत मान के एलान के बाद अरविंद केजरीवाल ने भी कहा कि जब कोई आपसे रिश्वत मांगे तो ना न कहें बल्कि बातचीत रिकॉर्ड करें और वीडियो/ऑडियो व्हाट्सएप नंबर पर भेजें। हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

मान ने अधिकारियों के साथ की बैठक

सीएम भगवंत मान ने मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के बाद अपनी पहली बैठक को संबोधित किया। उन्होंने राज्य के सिविल और पुलिस प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों से लोक सेवक के रूप में अपने कर्तव्यों का अक्षरश: निर्वहन करने का आग्रह किया।

खटकड़कलां में ली थी शपथ

बुधवार को भगवंत मान ने आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की उपस्थिति में एक बड़ी जनसभा के सामने पंजाब के 28वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक गांव में विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित लाखों लोगों के बीच भगवंत मान को पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने पद की शपथ दिलाई थी। शपथ ग्रहण के बाद मान ने कहा था कि हमें बिल्कुल समय नहीं बर्बाद करना है। आज से ही काम शुरू होगा। 

Exit mobile version