Site icon

रायपुर : भेंट-मुलाकात: मुख्यमंत्री बघेल ने दंतेवाड़ा में ‘फूड ग्रेड महुआ‘ के संग्रहण कार्य की सराहना की 

13

मुख्यमंत्री ने वनवासियों को आधुनिक तरीके से महुआ फूल के संग्रहण 
का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के दिए निर्देश 

संग्राहको को फूड ग्रेड महुआ का 116 रूपए प्रति किलोग्राम प्राप्त हो रहा दर

चालू वर्ष में 2 हजार क्विंटल ‘फूड ग्रेड महुआ‘ के संग्रहण का लक्ष्य 

रायपुर, 25 मई 2022

छत्तीसगढ़ में महुआ संग्राहकों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए इस वर्ष महुआ फूल (सूखा) के साथ-साथ वैज्ञानिक पद्धति से संग्रहित ‘फूड ग्रेड महुआ‘ का क्रय न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश में चालू वर्ष के दौरान 2 हजार क्विंटल फूड ग्रेड महुआ के संग्रहण का लक्ष्य रखा गया है। 
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम अंतर्गत बस्तर संभाग के भ्रमण के दौरान गत दिवस दंतेवाड़ा में आधुनिक तरीके से संग्रहित किए जा रहे महुआ फूल (सूखा) अथवा ‘फूड ग्रेड महुआ‘ के संग्रहण कार्य की सराहना की। उन्होंने इसके लिए अधिक से अधिक आदिवासी-वनवासी संग्राहकों को प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के महुआ की गुणवत्ता अच्छी है। इसके संग्रहण में राज्य सरकार द्वारा दी जा रही नई तकनीक आदि की सुविधा का उपयोग करते हुए वनवासी संग्राहकों को इसका अधिक से अधिक लाभ दिलाया जाए। 
मुख्यमंत्री बघेल की मंशा के अनुरूप वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर के मार्गदर्शन में वनवासियों को लघु वनोपजों के संग्रहण और प्रसंस्करण के माध्यम से अधिक से अधिक लाभ दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस कड़ी में राज्य लघु वनोपज संघ द्वारा फूड ग्रेड महुआ फूड संग्रहण की प्रक्रिया विकसित की गई है। 
परंपरागत रूप से संग्रहित महुआ फूल के स्थान पर संघ द्वारा विकसित उन्नत तकनीकी से संग्रहित महुआ फूल के लिए ग्रामीणों को 33 रूपए प्रति किलोग्राम के स्थान पर 50 रूपए प्रति किलोग्राम प्राप्त होते हैं। इसी तरह संग्राहकों को वनोपज संग्रहण तथा प्रसंस्करण कार्य में उन्नत तकनीकी का पालन करने के फलस्वरूप प्राप्त फूड ग्रेड महुआ का वर्तमान में 116 रूपए प्रति किलोग्राम दर प्राप्त हो रही है। 
गौरतलब है कि फूड ग्रेड महुआ के संग्रहण के लिए महुआ पेड़ के नीचे नेट फैलाकर एक छत्र तैयार किया जाता है। पेड़ से गिरने वाला महुआ फूल इस नेट में इकट्ठा होता है, जो जमीन की धूल और रेत से सुरक्षित रहता है। इस तरह फूड ग्रेड महुआ के संग्रहण से संग्राहकों को अधिक से अधिक लाभ मिलता है। 

Exit mobile version