Site icon

मुंबई से पश्चिम बंगाल जा रही मजदूरों की बस पलटी, 13 घायल, एक की हालत गंभीर

38

महासमुंद. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में तुमगांव थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे 53 पर शुक्रवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच श्रमिकों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई. बस नेशनल हाइवे से नीचे उतर गई. बस श्रमिकों को लेकर मुंबई से पश्चिम बंगाल जा रही थी. बताया जा रहा है कि एनएच- 53 में तुमगांव के छछान पहाड़ी के पास चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई. इस वजह से बस अनियंत्रित होकर हाइवे के नीचे उतरकर पलट गई.हादसे में 1 मजदूर को गंभीर चोट आई है वहीं 12 लोग घायल हो गए हैं. गंभीर रूप से घायल मजदूर का पैर फैक्चर बताया जा रहा है. घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है जहां उसकी उपचार जारी है. वहीं 12 मजदूरों को जिनको मामूली चोट आई थी उनका इलाज तुमगांव अस्पताल में ही किया गया इसके बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है

बस एएसपी मेघा टेम्भूरकर साहू ने बताया कि बस में चालक-परिचालक सहित कुल 30 लोग सवार थे. सभी पश्चिम बंगाल के हैं जो मुंबई से 27 मई को बस से अपने घर के लिए निकले थे. घटना के तत्काल बाद तुमगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मजदूरों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर गई. इसके साथ ही मजदूरों के नाश्ते और पानी की व्यवस्था भी की गई. सभी मजदूरों को सिरपुर जाने के मार्ग पर कुहरी मोड़ के पास रखा गया है. साथ ही जिला प्रशासन को इसकी सूचना देने के बाद मजदूरों के लिए बस की व्यवस्था की गई. फिर सभी मजदूरों को बैठाकर पश्चिम बंगाल के लिए रवाना किया गया.घायल मजदूरों में अमित संतरा, शंकर पाखीरा, दीपांकर नेरा, विजय पसवंत, ओफिर सामत रॉय, प्रशांत साहू, बुद्धदेव जाना, जयंत तलाई, संदीप दास, सदेश जाना, मंगल सिंह, शोभनलाल बानू और अरुण कुमार शामिल हैं. एक को छोड़कर सभी घायलों की स्थिति सामान्य है. सभी का भोजन व्यवस्था कराने के बाद दूसरे बस से रवाना कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि बस की स्पीड ज्यादा नहीं थी. इस वजह से बड़ी हानि नहीं हुई है.

Exit mobile version