Site icon

सूरजपुर : जिले में मनाया जा रहा जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा

सूरजपुर/12 जुलाई 2022

कलेक्टर इफ्फत आरा व जिपं सीईओ सुश्री लीना कोसम के निर्देश एवं सीएमएचओ डॉ. आर.एस. सिंह तथा सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. शशि तिर्की के मार्गदर्शन में 11 जुलाई 2022 को जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाडे़ का मुख्य उद्देश्य जन साधारण को सीमित परिवार के प्रति जागरूक करना है, परिवार नियोजन की जानकारी देना तथा स्थाई-अस्थाई साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है, पखवाड़े में सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में परिवार नियोजन के साधनों की उपलब्धता रहेगी। जिला चिकित्सालय में विश्व जनसंख्या दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये। जिसमें मितानिन, एम.टी., ब्लॉक समन्वयक द्वारा हिस्सा लिया गया तथा कार्यक्रमों में रैली, नाटक प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, स्लोगन, भाषण प्रतियोगिता रखी गयी थी। प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
      जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा के दौरान जिला चिकित्सालय में परिवार नियोजन के अस्थाई (आयुसीडी, पीपीआयुसीडी, अंतरा इंजेक्शन, छाया एवं माला एन गर्भ निरोधक गोली, कण्डोम) एवं स्थाई (पुरूष नसबंदी एवं महिला नसबंदी) की सुविधा रहेगी। इसके अतिरिक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रामानुजनगर में पुरूष नसबंदी की सुविधा तथा शेष सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में सभी अस्थाई साधनों की सुविधा उपलब्ध रहेगी। जिले में परिवार नियोजन संबंधित जागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न जगहों पर सास-बहू सम्मेलन तथा मोर मितान मोर संगवारी कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएस सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन संसाधनों के उपयोग हेतु आगे आयें और बढ़ती जनसंख्या पर रोक लगाने में सहयोग करें।

Exit mobile version