Site icon

नारायणपुर : आमजन को बेहतर आवागमन सुनिश्चित करने सड़कों के संधारण का काम तेजी से करें- कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी

37

कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने शहर के सड़क का किया निरीक्षण
नारायणपुर,आमजन के आवागमन को सुलभ बनाना शासन की प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्र हो या शहर, सर्वांगीण विकास की परिकल्पना को साकार करने में सड़कों का प्रमुख योगदान है। पक्के रास्तों के सहारे इन क्षेत्रों तक बुनियादी आवश्यकताओं के पहुँचने से जिले में सुविधाओं का विस्तार होगा। वनांचलों से घिरे नारायणपुर जिले में सड़कें आमजनों के लिए केवल पहुँच मार्ग ही नहीं बल्कि बेहतर भविष्य का रास्ता भी तैयार करने का माध्यम है। इसी कड़ी में कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने बीते दिनों पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाय की बैठक लेकर समयसीमा में सड़कों के आवश्यक संधारण और नवीनीकरण के कार्य किए जाने के सख्त निर्देश दिए थे। साथ ही समय-समय पर कलेक्टर द्वारा इन सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया जा रहा है। निर्देशों के परिपालन में इन सभी विभागों द्वारा कार्यप्रगति में तेजी लाते हुए कार्य किया जा रहा है।

’कलेक्टर स्वयं निरीक्षण कर सड़को का ले रहे जायजा’
कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी स्वयं दौरा कर रोड का निरीक्षण कर रहे और स्वयं जिले में चल रहे सड़कों के संधारण कार्य की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा भी करते हैं। आज कलेक्टर ने शहर में बन रहे सड़को का निरीक्षण किया और जरूरी निर्देश दिए। विभागों को प्रतिदिन कार्य प्रगति की रिपोर्ट फोटो सहित साझा करने के निर्देश पूर्व में ही कलेक्टर द्वारा दिए गए हैं। नवीनीकरण एवं संधारण कार्यों को शीघ्रता से और गुणवत्तापूर्ण किए जाने के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version