पत्नी और ससुराल वालों से हुए विवाद के चलते किसान के बेटे ने गांव के बाहर खेत में लगे पेड़ में अंगौछे से फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया और घटनास्थल की जांच की।
रूरा के जौहर डगरहा गांव में रहने वाले उमाशंकर खेतीबाड़ी करते हैं। उनके तीन बेटे राजेश, धीरज व राजा (26) थे। राजा पिता और भाइयों के साथ खेती के काम में हाथ बंटाता था। परिजनों ने बताया कि राजा का पत्नी सपना से किसी बात पर पिछले दिनों विवाद हो गया था।
इसकी खबर पाकर सपना के परिवार के लोग रविवार को घर आए थे। बातचीत के दौरान राजा का ससुराल वालों से भी विवाद हो गया। इसके कुछ देर बाद राजा घर से खेत जाने की बात कहकर निकल गया।
वहीं, खेत में नीम के पेड़ में अंगौछे से फंदा लगाकर जान दे दी। उधर से गुजर रहे लोगों ने राजा का शव फंदे से लटका देख परिजनों व पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची मां नन्ही देवी, पिता उमाशंकर, भाई राजेश व धीरज बिलख पड़े।
थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार मिश्रा, दरोगा अनूप कुमार पांडेय व दिनेश कुमार भारती मौके पर पहुंचे और जांच की। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों ने पत्नी और ससुराल वालों से विवाद के चलते राजा के खुदकुशी करने की बात बताई है। प्रधान के पति विष्णु गौतम की तरफ से मिली सूचना दर्ज कर जांच की जा रही है।
