राजनांदगांव : आईजी अजय यादव ने संभाली राजनांदगांव रेंज की कमान, बोले—अवैध कारोबार में पुलिस की मिलीभगत बर्दाश्त नहीं …
पदभार ग्रहण करते ही पुलिस अधीक्षकों की ली बैठक, बेसिक पुलिसिंग मजबूत करने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई को बताया प्राथमिकता
राजनांदगांव। नवपदस्थ पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव (भा.पु.से.) ने राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक का पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने रेंज के अंतर्गत आने वाले जिलों के पुलिस अधीक्षकों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, अपराधों के स्वरूप और पुलिस की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए अपनी प्राथमिकताएं बताईं।
आईजी अजय यादव ने कहा कि राजनांदगांव, खैरागढ़, मोहला-मानपुर और कवर्धा जिलों को मिलाकर बने राजनांदगांव पुलिस रेंज में बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। प्रत्येक जिले की आवश्यकता और वहां की परिस्थितियों के अनुरूप पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पदभार ग्रहण करने के बाद संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर पूरे रेंज की वर्तमान स्थिति, कानून-व्यवस्था और अपराधों के पैटर्न को समझने का प्रयास किया गया है। आने वाले दिनों में अपराधों की रोकथाम के साथ ही लंबित मामलों के अनुसंधान में तेजी लाने और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
आईजी यादव ने अवैध शराब, जुआ और सट्टे के कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
“पुलिस की मिलीभगत नहीं होने दी जाएगी”
पत्रकारों से चर्चा के दौरान आईजी अजय यादव ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि अवैध शराब, सट्टा-जुआ अथवा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में पुलिस की किसी भी प्रकार की मिलीभगत न हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा। यदि कहीं पुलिसकर्मियों की संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि रेंज में वर्तमान में चल रही पुलिसिंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। आम नागरिकों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई, अपराधियों में पुलिस का भय और जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम करना पुलिस का प्रमुख उद्देश्य रहेगा।
आईजी अजय यादव ने कहा कि सभी जिलों में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी तथा संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए जाएंगे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
