CG : सूदखोरी से परेशान युवक की आत्महत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार …
अंबिकापुर । छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में सूदखोरी और मानसिक प्रताड़ना से जुड़े आत्महत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी मृतक को ऊंची ब्याज दर पर रुपये उधार देकर लगातार रकम की वसूली के लिए दबाव और धमकियां दे रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव में आ गया और आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच के दौरान मृतक का सुसाइड नोट मिला, जिसमें आरोपी का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा परिजनों के बयान और बैंक लेनदेन की जांच में भी आरोपी की भूमिका की पुष्टि हुई। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लंबे समय से अत्यधिक ब्याज पर रुपये उधार देता था और भुगतान में देरी होने पर लगातार धमकियां देकर मृतक पर दबाव बनाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण से संबंधित धाराओं तथा कर्जा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
