राजनांदगांव : जिलेभर में रिमझिम बारिश, 24 घंटे में 60 मिमी बरसे बादल…
राजनांदगांव , जिले में मानसून की पहली झड़ी लगी है। बीते दो दिनों से रिमझिम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले चार दिन भी अच्छी बारिश के संकेत दिए हैं। इससे किसानों को बड़ी राहत मिली है। अल्पवर्षा का खतरा भी टला है। खास बात यह है कि बारिश की स्थिति पूरे जिले में एक समान हैं।
बीते 24 घंटे में जिले में 60 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। वहीं अगले 24 घंटे को लेकर भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कई हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। बता दें कि जिले में अब तक उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हो रही थी। खंड वर्षा और बारिश के पैटर्न में बिखराव से किसानों की चिंता बढ़ गई थी। लेकिन बीते दो से तीन दिनों से हो रही रिमझिम बारिश ने बड़ी राहत दी है। मौसम में ठंडकता बनी हुई है। उमस भी खत्म हो गई है। जिले में अब तक 361 मिमी औसत बारिश हो चुकी है। जो इन दिनों की औसत बारिश की 90 फीसदी है।
द्रोणिका मजबूत, अभी पांच सिस्टम भी बने हैं मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि इन दिनों मानसून द्रोणिका मजबूत बनी हुई है। इसके अलावा प्रदेश में बारिश को लेकर अलग-अलग पांच सिस्टम भी सक्रिय है। इसके अगले 5 दिनों तक मजबूत स्थिति में रहने की संभावना है। इससे रिमिझम बारिश की झड़ी तीन से चार दिन या इससे अधिक भी रह सकती है। ऐसी स्थिति प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बनी रहेगी। गरज चमक की स्थिति भी बनेगी।
