राजनांदगांव , ओडिशा के भवानीपटना में 23 से 26 जुलाई तक आयोजित सीबीएसई जोनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में पुलिस लाइन स्थित राह तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 पदक अपने नाम किए। अकादमी ने लगातार दूसरे वर्ष प्रतियोगिता में सर्वाधिक पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता बरकरार रखी।
प्रतियोगिता में सृष्टि चौरसिया ने 3 स्वर्ण पदक, प्रियांश भार्गव और रौशन चौरसिया ने 3-3 रजत पदक तथा द्रोण सोनवानी ने एक कांस्य पदक जीता। खिलाड़ियों ने असम, पश्चिम बंगाल, मणिपुर और ओडिशा जैसे मजबूत राज्यों के तीरंदाजों को पछाड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं। प्रशिक्षक खोमेंद्र साहू, कोच दामेश्वरी साहू तथा मुख्य प्रशिक्षक अजेन्द्र कुमार तांडेकर के मार्गदर्शन में अकादमी के खिलाड़ी लगातार राज्य, राष्ट्रीय और सीबीएसई स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
राजनांदगांव पुलिस और स्वर्गीय अभिलेख अग्रहरि वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से पिछले आठ वर्षों से पुलिस लाइन में बच्चों को निशुल्क तीरंदाजी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं एबीआईएस ग्रुप के सहयोग से खिलाड़ियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाती है।
