डोंगरगढ़ | नगर के वार्ड क्रमांक 11 स्थित मां रणचंडी मंदिर प्रांगण में वार्डवासियों के सहयोग से भगवान श्रीनर्मदेश्वर भोलेनाथ की प्राण प्रतिष्ठा पूजा, धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा, भक्ति और वैदिक विधि-विधान के साथ हुई। पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन, हवन व धार्मिक अनुष्ठान कराया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था, जहां भक्तिमय वातावरण और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया। नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे, नगर पालिका उपाध्यक्ष उमा महेश वर्मा सहित नगर के कई जनप्रतिनिधि, नागरिक उपस्थित थे। आयोजन समिति की ओर से अचला सिंह ठाकुर ने बताया कि वार्डवासियों के सामूहिक सहयोग से यह धार्मिक कार्यक्रम हुआ। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष से प्रांगण में चेकर टाइल्स व बाउंड्री वॉल, चबूतरा, पौधरोपण के लिए तार के लिए जाली की मांग रखी गई है।
