राजनांदगांव| शहर के बाइपास मार्ग पर ओवरब्रिज के नीचे से गुजरने वाली सड़क की हालत बद से बदतर हो गई है। पूरी सड़क गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुपहिया वाहन चालक अचानक गड्ढों में उतर जाते हैं और हादसे का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग शहर के प्रमुख आवागमन मार्गों में शामिल है, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं हुई है। लगातार बारिश के कारण गड्ढे और बड़े हो गए हैं। बारिश रुकने के बाद भी कई स्थानों पर पानी जमा रहता है, सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती।
