CG : सहकारी समिति प्रबंधक की आत्महत्या मामले में पूर्व बैंक मैनेजर पर FIR, 52 लाख के फर्जी KCC ऋण का आरोप…
रायपुर । इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में बीएससी द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी विषय की परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में अब FIR दर्ज कर ली गई है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को तत्काल जांच समिति गठित करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
मंत्री के निर्देश के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले में FIR दर्ज कराई है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए 5 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है।
परीक्षा से पहले लीक की मिली थी सूचना
विश्वविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी विषय की परीक्षा आयोजित होनी थी। परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले सुबह 8:50 बजे कवर्धा से प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना विश्वविद्यालय प्रशासन को मिली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल परीक्षा निरस्त करने का फैसला लिया। निर्धारित परीक्षा को सुबह 10:30 बजे रद्द कर दिया गया।
प्रश्नपत्र लीक की जांच में जुटी कमेटी
विश्वविद्यालय द्वारा गठित पांच सदस्यीय समिति पूरे मामले की जांच करेगी। समिति यह पता लगाएगी कि प्रश्नपत्र की गोपनीयता किस स्तर पर भंग हुई और परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र बाहर कैसे पहुंचा।
विश्वविद्यालय में प्रश्नपत्रों की सेटिंग और छपाई की प्रक्रिया के साथ उन्हें संबंधित महाविद्यालयों तक भेजे जाने की पूरी व्यवस्था भी जांच के दायरे में रहेगी।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि परीक्षाओं की निष्पक्षता और विद्यार्थियों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र लीक जैसी घटना बेहद गंभीर है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विद्यार्थियों को जल्द मिलेगी नई परीक्षा तिथि
परीक्षा निरस्त होने से प्रभावित विद्यार्थियों को अब नई परीक्षा तिथि का इंतजार है। मंत्री नेताम ने विश्वविद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नई परीक्षा तिथि जल्द निर्धारित करने और इसकी सूचना समय पर देने के निर्देश दिए हैं।
अब जांच समिति की रिपोर्ट और FIR के आधार पर यह स्पष्ट होगा कि प्रश्नपत्र लीक मामले में जिम्मेदारी किसकी थी और इस पूरे घटनाक्रम में कौन-कौन लोग शामिल थे।
