राजनांदगांव/मानपुर , मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के औंधी क्षेत्र में शनिवार को बाघ की लगातार गतिविधियों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी। महाराष्ट्र सीमा से लगे हालेपल्ली-गट्टेपाइली मार्ग पर सुबह करीब 9 बजे बाघ के सड़क पार करने की सूचना सामने आई। इसके बाद शाम करीब 5 बजे मोरचूल-गट्टेपाइली मार्ग पर गांव के नजदीक भी बाघ दिखाई देने की जानकारी मिली। एक ही दिन में अलग-अलग स्थानों पर बाघ की मौजूदगी की सूचना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
शनिवार सुबह हालेपल्ली- गट्टेपाइली मार्ग से गुजर रहे लोगों ने बाघ को सड़क पार करते देखा। जंगल से घिरे इस मार्ग से आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों के अलावा स्कूली बच्चों का भी रोजाना आवागमन होता है। बाघ को सड़क पार करते देख राहगीरों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। शाम करीब 5 बजे मोरचूल-गट्टेपाइली मार्ग पर गांव के नजदीक बाघ दिखाई देने की सूचना मिली। बताया गया कि उस समय कुछ ग्रामीण खेतों की ओर गए हुए थे। बाघ की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने एक-दूसरे को सतर्क किया और खेतों की ओर जाने से बचते नजर आए। ग्रामीणों के मुताबिक, जंगल की ओर से बाघ की दहाड़ जैसी आवाजें सुनाई देने की बात भी सामने आई है। एक ही दिन में अलग-अलग स्थानों पर बाघ की मौजूदगी की सूचना से खासकर उन लोगों में डर बढ़ गया है, जिनका रोजाना जंगल और खेतों से लगे रास्तों पर आना-जाना होता है।
अफसरों के नहीं पहुंचने से नाराजगी शनिवार शाम तक मौके पर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी नहीं दिखी। वन विभाग के चौकीदार और मैदानी कर्मचारी निगरानी करते नजर आए। इसे लेकर कुछ ग्रामीणों में नाराजगी भी रही। ग्रामीणों का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों को पहुंचकर जायजा लेना चाहिए। मानपुर वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रवीण कुमार देहरी ने बताया कि बाघ दिखाई देने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों को अलर्ट किया गया है। क्षेत्र में मुनादी कराई गई है और संबंधित वनरक्षकों की ड्यूटी लगाई है।
