दुर्ग, / उप्रउ शासकीय पॉलीटेक्निक दुर्ग में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रथम वर्ष के विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में स्थानांतरण प्रमाण-पत्र लेने के कारण रिक्त हुई 5 सीटों पर प्रवेश के लिए संस्था स्तरीय काउंसिलिंग आयोजित की गई है। मेरिट सूची के अनुसार पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थी 8 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे संस्था परिसर में उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
रिक्त सीटों में मेकेनिकल इंजीनियरिंग की 1, विद्युत इंजीनियरिंग की 1, कंप्यूटर साइंस की 1 तथा मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट की 2 सीटें शामिल हैं। अभ्यर्थियों के लिए पंजीयन प्रक्रिया 3 सितंबर को सुबह 10 बजे से 6 सितंबर 2026 की रात 11.59 बजे तक निर्धारित है। संस्था स्तर पर सीट आबंटन के लिए अभ्यर्थियों का 8 सितंबर को सुबह 10 बजे उपस्थित होना अनिवार्य होगा। आबंटित सीटों पर प्रवेश की कार्यवाही 8 सितंबर दोपहर 1 बजे से 9 सितंबर दोपहर 1 बजे तक की जाएगी। यदि इसके बाद भी सीटें रिक्त रहती हैं, तो 9 सितंबर को दोपहर 1.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक मेरिट सूची के अनुसार उन अभ्यर्थियों को भी अवसर दिया जाएगा, जो 8 सितंबर को अनुपस्थित रहे, उपस्थित होने के बावजूद सीट आबंटित नहीं हुई अथवा आबंटित सीट पर प्रवेश लेने के बाद उच्च वरीयता वाले विषय या विकल्प का चयन करना चाहते हैं। प्राचार्य उदय प्रसाद उदय शासकीय पॉलीटेक्निक दुर्ग ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।
::000::
