राजनांदगांव , कृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर सर्व यादव समाज ने शहर में बाइक रैली निकाली। समाज ने जन्मोत्सव की शुरुआत की। रैली को महापौर मधुसूदन यादव ने स्टेट स्कूल ग्राउंड से पीले रंग की ध्वज पताका लहराकर रवाना किया। ध्वज पर भगवान कृष्ण का चित्र था। उस पर कृष्णं वंदे जगतगुरूं लिखा था। इसका अर्थ बताया गया, मैं भगवान कृष्ण को प्रणाम करता हूं, जो इस ब्रह्मांड के गुरु और सार्वभौमिक शिक्षक हैं। इस वैदिक श्लोक को 4 सितंबर कृष्ण जन्माष्टमी, 5 सितंबर शिक्षक दिवस से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
रैली में जिले के झेरिया, कोसरिया, ठेठवार यादव समाज के सदस्य शामिल हुए। रैली शाम 4 बजे स्टेट स्कूल मैदान से निकली। शहर के मुख्य मार्गों पर करीब दो घंटे चली। शाम 6 बजे के लगभग वापस स्टेट स्कूल ग्राउंड पहुंची। रैली में युवा, बुजुर्ग, पुरुष, महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुए। पुरुषों ने सफेद वस्त्र, महिलाओं ने लाल वस्त्र पहने थे। समाज के लोगों ने कहा, इस साल कृष्ण जन्मोत्सव पहले से ज्यादा बड़े स्तर पर धूमधाम से मनाने की तैयारी है।
