CG : जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल बने हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश …
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है। भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश (Acting Chief Justice) के पद का दायित्व सौंपा है।
यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रमेश सिन्हा के 4 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद प्रभावी हुई है।
नवनियुक्त चीफ जस्टिस के पदभार ग्रहण तक संभालेंगे जिम्मेदारी
जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश जस्टिस कृष्ण राम महापात्रा के पदभार ग्रहण करने तक कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालेंगे।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर उनके पास अदालत के प्रशासन, मामलों की सुनवाई से जुड़ी व्यवस्था और न्यायिक प्रशासन के महत्वपूर्ण दायित्व रहेंगे। इसके साथ ही बेंच गठन सहित मुख्य न्यायाधीश से जुड़े प्रशासनिक कार्यों का संचालन भी उनकी जिम्मेदारी होगी।
जस्टिस रमेश सिन्हा का कार्यकाल पूरा
जस्टिस रमेश सिन्हा ने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायिक और प्रशासनिक स्तर पर जिम्मेदारियां संभालीं। 4 सितंबर को उनके सेवानिवृत्त होने के बाद मुख्य न्यायाधीश का पद रिक्त हुआ, जिसके बाद केंद्र सरकार की अधिसूचना के जरिए जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी दी गई।
राजस्थान हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस के लिए भी अनुशंसा
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल के नाम की अनुशंसा राजस्थान हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में की है।
वहीं, ओडिशा हाई कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस कृष्ण राम महापात्रा को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने की अनुशंसा की गई है।
राष्ट्रपति की ओर से संबंधित नियुक्तियों की अधिसूचना और जस्टिस कृष्ण राम महापात्रा के पदभार ग्रहण करने तक जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।
छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में हुए इस बदलाव को न्यायिक प्रशासन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
