CG : सुधा ओपन स्कूल में शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान, विद्यार्थियों ने संभाली कार्यक्रम की कमान…
रायपुर । सुधा सोसाइटी फाउंडेशन की ओर से अमासेनी स्थित सुधा ओपन स्कूल में शिक्षक दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि आयोजन से लेकर संचालन तक की पूरी जिम्मेदारी स्कूल के विद्यार्थियों ने संभाली।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्कूल के पांच शिक्षकों जी.के. भटनागर, प्रो. आर.के. पांडे, भारतीय गंगाराम, भावना यादव और खुशी यादव को पौधे भेंट कर सम्मानित किया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान को सराहा।
विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया सांस्कृतिक कार्यक्रम
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में छात्राओं संध्या, महक, प्रिया, संतोषी, कनक, ईशा, पूजा, दुर्गेश्वरी, चांदनी और इशिका ने सक्रिय भागीदारी निभाई और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिक्षकों ने साझा किए विचार
कार्यक्रम के दौरान सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने शिक्षक की भूमिका, विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा के महत्व और शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों को लेकर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने शिक्षक दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए शिक्षा एवं संस्कारों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। आयोजन ने स्कूल में गुरु-शिष्य परंपरा और आपसी सम्मान की भावना को मजबूत किया।
