CG : तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौके पर मौत …
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सीपत-बलौदा मुख्य मार्ग पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और मां गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्राम कुली में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और महिला ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गई। हादसे के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रेलर समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के पोड़की निवासी सतीराम गोंड़ (45) बिलासपुर में रहकर रोजी-मजदूरी का काम करता है। रविवार रात करीब 8 बजे वह अपनी पत्नी सुमित्रा बाई और सास दुरपति को बाइक से ग्राम कुकदा स्थित फैक्ट्री में ड्यूटी छोड़ने जा रहा था। बताया गया कि तीनों जब सीपत-बलौदा मुख्य मार्ग पर ग्राम कुली में पवन साहू के मकान के पास पहुंचे, उसी दौरान बलौदा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुई टक्कर के कारण बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे। सुमित्रा बाई सीधे ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में सतीराम गोंड़ और उनकी सास दुरपति भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सतीराम की कमर और हाथ में फ्रैक्चर बताया जा रहा है, जबकि दुरपति के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू की। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में फरार ट्रेलर और चालक की तलाश कर रही है। वाहन की पहचान और चालक को पकड़ने के लिए संभावित रास्तों तथा अन्य उपलब्ध सुरागों की जांच की जा रही है।
जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश हादसे के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि सीपत से बलौदा तक मुख्य सड़क कई स्थानों पर जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों के मुताबिक सड़क की खराब स्थिति के साथ इस मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही भी हादसों का बड़ा कारण बन रही है। क्षेत्र में कोल वाशरियों और विभिन्न उद्योगों के कारण रोजाना बड़ी संख्या में हाइवा और ट्रेलर इस मार्ग से गुजरते हैं। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही और उनकी तेज रफ्तार के कारण आबादी वाले हिस्सों में दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के साथ आबादी वाले क्षेत्रों में रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर और स्पीड लिमिट के बोर्ड लगाने की मांग की है। इसके अलावा भारी वाहनों की नियमित स्पीड चेकिंग और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क की स्थिति सुधारने और भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में भी गंभीर हादसे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
