Durg : पोटियाकला में 20 लाख की लागत से बनेगा कर्मा भवन का प्रथम तल,
-महापौर अलका बाघमार ने किया कर्मा भवन के प्रथम तल का भूमिपूजन,
-कर्मा भवन निर्माण कार्य जल्द होगा शुरू,आयुक्त लीना कोसम ने दिए अधिकारियों को निरीक्षण के निर्देश,
दुर्ग/ (मनीष त्रिपाठी पत्रकार )/नगर पालिक निगम। नगर पालिक निगम दुर्ग के वार्ड क्रमांक 54 पोटियाकला स्थित दशहरा मैदान में कर्मा भवन (सांस्कृतिक भवन) के प्रथम तल के निर्माण कार्य का भूमिपूजन महापौर अलका बाघमार द्वारा किया गया। लगभग 20 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस निर्माण कार्य से क्षेत्रवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

भूमिपूजन कार्यक्रम में महापौर अलका बाघमार के साथ आयुक्त लीना कोसम, लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, पार्षद हीरौंदी चंदानिया, सविता साहू, सजान जोसफ, मंडल अध्यक्ष कौशल साहू, लालेश्वरी साहू, कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा, सहायक अभियंता हरिशंकर साहू, करण यादव सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि कर्मा भवन का प्रथम तल बनने से वार्डवासियों को विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक बेहतर और सुविधायुक्त स्थान मिलेगा। निगम क्षेत्र में नागरिकों की आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय-सीमा में पूरा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।

आयुक्त लीना कोसम ने कहा कि कर्मा भवन के प्रथम तल का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और किसी भी कार्य को बीच में रोका नहीं जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की लगातार मॉनिटरिंग एवं स्थल निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि कार्य की गति बनी रहे और गुणवत्ता के साथ समय पर निर्माण पूर्ण हो सके।जन संपर्क/राजू बक्शी

