CG : मरीन ड्राइव चौक पर हिट एंड रन: अज्ञात कार की टक्कर से बुलेट सवार युवक घायल…
बलरामपुर। जिले में रविवार रात सड़क हादसों का सिलसिला देखने को मिला। रात करीब 9 बजे से 11:30 बजे के बीच हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। हादसों में एक युवक का पैर टूट गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई है। सभी घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाकर इलाज कराया गया। पहला हादसा अधौरा पेट्रोल पंप के पास रात करीब 9 बजे हुआ। वहीं दूसरा हादसा बलरामपुर न्यायालय तिराहे के पास रात करीब 11:30 बजे सामने आया।
बाइक की टक्कर से तीन लोग घायल जानकारी के अनुसार, पहली घटना अधौरा पेट्रोल पंप के पास हुई। करीब 30 वर्षीय शंकरपाल पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। बाइक पर मुकेश राय (20 वर्ष) और मुनेश राय (21 वर्ष) सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक और पैदल चल रहे शंकरपाल घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद निजी एंबुलेंस चालक और समाजसेवी राघव सोनी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देरी किए अपनी एंबुलेंस से तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में जांच के दौरान दो घायलों की स्थिति गंभीर बताई गई। एक घायल के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दूसरे के सिर में चोट आई है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
ट्रक-पिकअप की टक्कर में दो घायल दूसरी घटना रात करीब 11:30 बजे बलरामपुर न्यायालय तिराहे के पास हुई। जानकारी के अनुसार, रामानुजगंज की ओर से अंबिकापुर जा रहे ट्रक क्रमांक CG 09 8593 में पीछे से पिकअप वाहन क्रमांक BR 45 GB 2146 ने टक्कर मार दी। पिकअप वाहन में जूते-चप्पलों के बंडल लदे हुए थे। हादसे के समय पिकअप चालक और परिचालक ने सीट बेल्ट लगा रखी थी, जिसके कारण वे बड़े नुकसान से बच गए। हालांकि दोनों ने शरीर में अंदरूनी चोट और हल्के दर्द की शिकायत बताई। पिकअप के ऊपर भी दो लोग बैठे हुए थे। टक्कर के दौरान एक व्यक्ति नीचे गिर गया, जबकि दूसरा वाहन में ही रह गया। दोनों को मामूली चोटें आईं।
हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने पहुंचाई मदद हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग वाहन मौके पर पहुंचा। टीम में शामिल मंगल पैकरा और चिराग प्यारे मोहन ने घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया। दोनों सड़क हादसों में समय पर मिली मदद के कारण घायलों को जल्द चिकित्सा सुविधा मिल सकी। अस्पताल में सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है। लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर पुलिस भी सतर्क है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसों की वजह माना जा रहा है। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है। प्रशासन की ओर से वाहन चालकों से अपील की जाती रही है कि सड़क पर गति नियंत्रण में रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।
